पोखरण से परमाणु शक्ति तक भारतीय विज्ञान की गाथा पर विशेष व्याख्यान
Share
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर उदयपुर में तीन स्थानों पर होंगे आयोजन
उदयपुर, 10 मई: विज्ञान भारती उदयपुर इकाई-चित्तौड़ प्रांत की ओर से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस “ऑपरेशन शक्ति दिवस” के उपलक्ष्य में सोमवार 11 मई को उदयपुर में “भारतीय विज्ञान – संघर्ष, सफलता और निर्माण” विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान और नवाचार के प्रति रुचि विकसित करना है।
विज्ञान भारती चित्तौड़ प्रांत सह सचिव डॉ. अमित गुप्ता ने बताया कि यह दिवस भारत की वैज्ञानिक आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 1998 में पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से भारत ने विश्व में अपनी वैज्ञानिक क्षमता का परिचय दिया था।
कार्यक्रम के तहत गुरु नानक कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सुबह 9:30 बजे डॉ. हरीश मुख्य वक्ता होंगे। वहीं डॉ. विलम सारस्वत टीलाखेड़ा स्कूल और डॉ. कुलदीप शर्मा सेक्टर-4 स्थित विद्यालय में विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। विज्ञान भारती अध्यक्ष डॉ. लोकेश अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को भारतीय वैज्ञानिकों के योगदान और राष्ट्र निर्माण में विज्ञान की भूमिका से प्रेरित करेंगे।
