भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का उदयपुर दौरा आज
Share
बूथ सशक्तिकरण सम्मेलन सहित कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल, कार्यकर्ताओं में उत्साह
उदयपुर, 10 मई: भारतीय जनता पार्टी शहर जिला उदयपुर कार्यालय में सोमवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के उदयपुर दौरे और बूथ सशक्तिकरण कार्यकर्ता सम्मेलन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, विधायक फूल सिंह मीणा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। भाजपा मीडिया संभाग प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने बताया कि मदन राठौड़ 11 मई की सुबह खजुराहो एक्सप्रेस से उदयपुर पहुंचेंगे, जहां रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
इसके बाद वे ऋषभदेव-खेरवाड़ा क्षेत्र में चौपाल ग्राम विकास रथ कार्यक्रम, झाड़ोल में विधानसभा बूथ सम्मेलन और गोगुंदा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। शाम 6 बजे वे सुखाड़िया रंगमंच पर आयोजित बूथ सशक्तिकरण सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
12 मई को भाजपा कार्यालय में सहकारिता मंथन बैठक में भाग लेने के बाद वे पाली के लिए रवाना होंगे।
