बोलेरो ने महिला को 100 फीट तक घसीटा
Share
गंभीर घायल महिला सड़क पर तड़पती रही, देर से पहुंची मदद
बांसवाड़ा, 12 मई: बांसवाड़ा जिले के सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे बैठी महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला वाहन के नीचे फंस गई और चालक उसे करीब 100 फीट तक घसीटता ले गया। गंभीर रूप से घायल महिला को बाद में अस्पताल पहुंचाया गया।
थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि हादसा टांडा मंगला गांव में हुआ, जिसमें पुष्पा पत्नी मनुलाल गंभीर घायल हो गईं। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अभी तक परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
घायल महिला के भतीजे अर्पित लबाना ने बताया कि पुष्पा देवी सड़क किनारे बैठी थीं, तभी पीछे से आई बोलेरो ने उन्हें चपेट में ले लिया। टायर घिसने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। महिला गंभीर हालत में सड़क पर तड़पती रही और काफी देर तक मदद का इंतजार करती रही। बाद में परिजन उन्हें सज्जनगढ़ सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बांसवाड़ा रेफर किया गया। हादसे में महिला के पैरों, कमर और कंधों पर गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
