गर्मी में यात्रियों को राहत, तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
Share
राजस्थान से दिल्ली और गुजरात रूट पर अतिरिक्त रेलसेवाओं की घोषणा
उदयपुर, 12 मई: ग्रीष्मावकाश में बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए तीन जोड़ी स्पेशल रेलसेवाओं के संचालन की घोषणा की है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि साबरमती-शकूरबस्ती तथा असारवा-शकूरबस्ती के बीच विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी।
गाड़ी संख्या 09125 साबरमती-शकूरबस्ती स्पेशल 22 मई को साबरमती से रवाना होगी, जबकि वापसी में 09126 शकूरबस्ती-साबरमती स्पेशल 25 मई को संचालित होगी। यह ट्रेन आबूरोड, पिंडवाड़ा, मदार और जयपुर स्टेशनों पर रुकेगी।
इसके अलावा 09127 एवं 09128 असारवा-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेनें 22 और 24 मई को चलाई जाएंगी। वहीं 09131 और 09132 स्पेशल रेलसेवा 23 और 25 मई को संचालित होगी। इन ट्रेनों का ठहराव डूंगरपुर, उदयपुर सिटी, अजमेर, जयपुर, रिखबदेव रोड और रेवाड़ी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा।
रेलवे के अनुसार सभी स्पेशल ट्रेनों में 22 डिब्बे लगाए जाएंगे, जिनमें 18 स्लीपर, 2 सामान्य श्रेणी और 2 गार्ड कोच शामिल होंगे। इससे राजस्थान, गुजरात और दिल्ली मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
