‘‘कुलगुरु की सीट कभी हॉट नहीं होती, नीतियों के आधार पर चलेगा विश्वविद्यालय’’
Share
सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के कुलगुरु प्रो. कैलाश डागा ने संभाला कार्यभार
उदयपुर, 14 मई: मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलगुरु प्रो. कैलाश डागा ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर में उनका स्वागत किया गया। खास बात यह रही कि कार्यभार ग्रहण समारोह में उनके वयोवृद्ध माता-पिता, पत्नी और पुत्र भी मौजूद रहे। परिवार के आशीर्वाद और विश्वविद्यालय परिवार के सहयोग के साथ प्रो. डागा ने नई जिम्मेदारी संभालने का भरोसा जताया।
विश्वविद्यालय की गरिमा बनाए रखना पहली प्राथमिकता
पदभार ग्रहण करने के बाद प्रो. डागा ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा और शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय में सभी कार्य नीतियों और पारदर्शिता के आधार पर किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और मेवाड़ के लोगों के सहयोग से विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
‘अतीत नहीं, भविष्य पर रहेगा फोकस’
सुखाड़िया विश्वविद्यालय में पूर्व में कुलगुरु पद को लेकर हुए विवादों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रो. डागा ने कहा कि वे कुलगुरु की कुर्सी को कभी “हॉट सीट” नहीं मानते। उनके अनुसार अतीत की परिस्थितियों से अधिक महत्वपूर्ण विश्वविद्यालय का भविष्य है। उन्होंने कहा कि वे सकारात्मक सोच और पूर्ण विश्वास के साथ जिम्मेदारी निभाएंगे तथा ऐसा कार्य करने का प्रयास करेंगे जिससे सभी का विश्वास मजबूत हो। कार्यक्रम में उनकी माता सोहनी देवी, पिता रामधन डागा, पत्नी संध्या और पुत्र डॉ. रुद्राक्ष डागा भी उपस्थित रहे।
