LOADING

Type to search

जल जीवन मिशन घोटाले पर बोले शेखावत, पापियों को नहीं बख्शेंगे

political

जल जीवन मिशन घोटाले पर बोले शेखावत, पापियों को नहीं बख्शेंगे

Share

बांसवाड़ा दौरे पर केंद्रीय मंत्री ने गहलोत सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
बांसवाड़ा, 15 मई:
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को बांसवाड़ा दौरे के दौरान जल जीवन मिशन में हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर पूर्ववर्ती गहलोत सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पानी जैसे पुण्य के कार्य में भ्रष्टाचार करने वाले “पापियों” को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
जिले में प्रवेश करते ही पालोदा, चंदूजी का गढ़ा और चिड़ियावासा सहित विभिन्न स्थानों पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद शेखावत कुशलगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने एक निजी अस्पताल का उद्घाटन किया और चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की सराहना की।
‘27 हजार करोड़ की हुई बंदरबांट’
पत्रकारों से बातचीत में शेखावत ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने राजस्थान को जल जीवन मिशन के तहत 27 हजार करोड़ रुपए दिए, लेकिन तत्कालीन सरकार के दौरान भारी अनियमितताएं हुईं। उन्होंने कहा कि लोहे के पाइपों की जगह घटिया पीवीसी पाइप लगाए गए और बिना कार्य पूरा किए करोड़ों रुपए का भुगतान उठा लिया गया।
भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस मामले में कार्रवाई शुरू हो चुकी है और दोषियों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। बांसवाड़ा प्रवास के दौरान उन्होंने भाजपा कार्यालय में संगठनात्मक बैठक भी ली और बाद में त्रिपुरा सुंदरी मंदिर पहुंचे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *