LOADING

Type to search

पानी के लिए सड़कों पर उतरी महिलाएं

socal

पानी के लिए सड़कों पर उतरी महिलाएं

Share

जलदाय विभाग के कार्यालय में खाली मटका रख जताया विरोध, 10 दिन में सुधार नहीं हुआ तो ताला लगाने की चेतावनी
उदयपुर, 18 मई
: भीषण गर्मी के बीच उदयपुर के हिरणमगरी क्षेत्र में गहराते पेयजल संकट को लेकर सोमवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। पानी की कम सप्लाई और धीमे प्रेशर से परेशान महिलाओं ने कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में सेक्टर-4 स्थित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने अधिकारियों की टेबल पर सांकेतिक रूप से खाली मटका रखकर जलदाय विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।
कई कॉलोनियों में पानी का संकट
हिरणमगरी सेक्टर-4 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, आदर्श नगर, न्यू विद्या नगर और ज्ञान नगर सहित कई इलाकों की महिलाएं प्रदर्शन में शामिल हुईं। महिलाओं ने बताया कि भीषण गर्मी में जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। लोगों का कहना था कि सप्लाई का समय बेहद कम कर दिया गया है और पानी का प्रेशर इतना कमजोर है कि घरों की टंकियां तक नहीं भर पा रही हैं।
विभाग को दिया 10 दिन का अल्टीमेटम
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस शहर जिला सचिव अमित श्रीवास्तव ने जलदाय विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जब विभाग लोगों को पीने का पानी उपलब्ध नहीं करवा पा रहा तो खाली मटकों का कोई उपयोग नहीं है। इसी के विरोध में विभाग को खाली मटका सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि पानी की सप्लाई का समय नहीं बढ़ाया गया और प्रेशर में सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी जलदाय विभाग कार्यालय पर ताला लगाने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने नारेबाजी कर जल्द समाधान की मांग की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *