LOADING

Type to search

सीजन का सबसे गर्म दिन, 43.3 डिग्री पर पहुंचा उदयपुर

Local

सीजन का सबसे गर्म दिन, 43.3 डिग्री पर पहुंचा उदयपुर

Share

लू के थपेड़ों से बेहाल हुए लोग, दिनभर सूना रहा सुखाड़िया सर्कल का बोटिंग जोन
उदयपुर, 18 मई :
झीलों की नगरी उदयपुर में सोमवार को भीषण गर्मी ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। डबोक मौसम केंद्र के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। दोपहर के समय सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आया, जबकि लोग घरों में कैद रहने को मजबूर दिखे।
दोपहर में सूना पड़ा पर्यटन स्थल
पर्यटन नगरी उदयपुर में गर्मी का असर पर्यटन गतिविधियों पर भी साफ दिखाई दिया। सुखाड़िया सर्कल, फतहसागर और अन्य पर्यटन स्थलों पर दिनभर रौनक गायब रही। खासतौर पर सुखाड़िया सर्कल पर बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र रहने वाली पैडल बोटिंग लगभग बंद जैसी स्थिति में रही। संचालकों ने बताया कि सुबह से शाम तक लोग नहीं के बराबर पहुंचे। गर्मी इतनी अधिक रही कि स्थानीय लोग ही नहीं, बाहर से आए पर्यटक भी दिन में होटल और घरों से बाहर निकलने से बचते रहे।
शाम ढलने के बाद लौटी हलचल
शाम करीब पांच बजे बाद तापमान में हल्की गिरावट आने पर लोगों की आवाजाही शुरू हुई। परिवार और पर्यटक ठंडी हवा की तलाश में फतहसागर, सुखाड़िया सर्कल और अन्य पर्यटन स्थलों की ओर निकलते दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार रविवार की तुलना में सोमवार को तापमान में एक डिग्री से अधिक की बढ़ोतरी हुई। वहीं सलूंबर में भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में जरूरी होने पर ही बाहर निकलने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *