ब्लाइंड मर्डर का खुलासा
Share
प्रेमिका से दुष्कर्म कर पत्थर से हत्या, शव नाले में फेंकने वाला आरोपी गिरफ्तार
ओबरी—डूंगरपुर, 23 मई : डूंगरपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत महिला की हत्या और दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। ओबरी थाना पुलिस ने करीब 20 साल पुराने प्रेम संबंध से जुड़े इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी जीवराज उर्फ जीवा (52) निवासी घाटी फला चितरी को गिरफ्तार किया है।
नाले में मिला था क्षत-विक्षत शव
ओबरी थाना प्रभारी रमेश कटारा के अनुसार 17 मई को डेचा नाले से 4-5 दिन पुराना क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। मृतका की पहचान बबली उर्फ संतोक डामोर के रूप में उसकी बेटी ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
दुष्कर्म के बाद की हत्या
जांच में सामने आया कि 14 मई को आरोपी ने महिला को डेचा नाले पर बुलाया था। वहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया और बाद में सिर पर पत्थर से वार कर तथा गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को नाले में फेंक दिया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पारंपरिक पुलिसिंग और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी को चितरी सर्कल क्षेत्र से डिटेन किया। गहन पूछताछ में उसने हत्या और दुष्कर्म की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
