LOADING

Type to search

42 डिग्री के पार पहुंचा उदयपुर

Local

42 डिग्री के पार पहुंचा उदयपुर

Share

लू के थपेड़ों से सूनी सड़कें, कैरी-इमली बनी गर्मी की ढाल
उदयपुर, 24 मई :
झीलों की नगरी उदयपुर इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। तापमान 42 डिग्री के करीब पहुंचने से दोपहर में शहर की सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं। लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हैं, जबकि बाहर निकलने वाले लोग देसी नुस्खों और ठंडे पेयों का सहारा लेकर खुद को लू से बचाने की कोशिश कर रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को शहर का तापमान 41.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, जिससे हीटवेव की स्थिति और गंभीर होगी। शहरभर में जगह-जगह ठंडे पानी के कैंपर लगाए गए हैं ताकि राहगीरों को राहत मिल सके। वहीं जूस, शिकंजी और ठंडे पेय की दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है।
देसी नुस्खों की बढ़ी मांग
गर्मी से राहत पाने के लिए इस बार लोग पारंपरिक उपायों की ओर लौटते नजर आ रहे हैं। बाजारों में कच्चे आम यानी कैरी और इमली की मांग अचानक बढ़ गई है। लोग घरों में पना और ठंडे पेय तैयार कर लू से बचाव कर रहे हैं। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यात्री पेड़ों और पार्कों की छांव में राहत तलाशते दिख रहे हैं।
अगले 7 दिन और भारी
मौसम विशेषज्ञ आरएस देवड़ा के अनुसार अगले पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा और गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अल्ट्रा वायलेट किरणों का असर ज्यादा रहेगा, जिससे आंखों में जलन और त्वचा झुलसने का खतरा बढ़ सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को जरूरी होने पर ही बाहर निकलने और पूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है।

रणकपुर के जंगलों में पुलिस-तस्कर आमने-सामने


नाकाबंदी तोड़ी, पुलिस पर बरसाईं गोलियां; स्कॉर्पियो छोड़ भागे तस्कर
उदयपुर, 24 मई:
उदयपुर के गोगुंदा क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और नशा तस्करों के बीच फिल्मी अंदाज में मुठभेड़ हो गई। पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे तस्करों ने पुलिस टीम पर करीब आठ राउंड फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी तीन गोलियां चलाईं, जिनमें एक गोली तस्करों की स्कॉर्पियो के शीशे पर लगी। इसके बावजूद तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर रणकपुर के जंगलों में फरार हो गए।
जंगल में मिली स्कॉर्पियो, करोड़ों का माल बरामद
सायरा थाना पुलिस रणकपुर रोड पर मजावड़ा के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी तेज कर दी। नाकाबंदी तोड़ने के बाद तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने पीछा किया तो जंगल में स्कॉर्पियो लावारिस हालत में मिली। तलाशी लेने पर गाड़ी से 421 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए आंकी गई है।
घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी
थानाधिकारी कानाराम सीरवी ने बताया कि स्कॉर्पियो से 22 कट्टों में भरा डोडा चूरा मिला है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अमृता दुहन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की कई टीमें रणकपुर और आसपास के जंगलों में फरार तस्करों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के साथ उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

सायरा में खेतों में खौफ बने भालू

भालुओं के हमले में दो ग्रामीण घायल, गांवों में दहशत का माहौल
उदयपुर, 24 मई:
उदयपुर के सायरा क्षेत्र में रविवार सुबह खेतों में काम कर रहे दो ग्रामीणों पर भालुओं ने जानलेवा हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। भालुओं ने ग्रामीणों के चेहरे, गर्दन और छाती पर नाखूनों और दांतों से गहरे घाव कर दिए। घटना के बाद पुनावली और कुम्हारवास गांवों में दहशत का माहौल है।
पहली घटना पुनावली गांव में हुई, जहां चुन्नीलाल पालीवाल खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। दूसरी घटना कुम्हारवास गांव में हुई, जहां अंबालाल प्रजापत भालू का शिकार बने। दोनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। ग्रामीणों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग निकले।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के दौरान कुछ युवाओं ने भागते भालुओं का वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घायल ग्रामीणों को तुरंत सायरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वन विभाग से कार्रवाई की मांग
लगातार हो रही वन्यजीव गतिविधियों से ग्रामीणों में भय बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि अब खेतों में जाना भी जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालुओं को पकड़कर जंगल में छोड़ने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है।

मंदिर जाते परिवार को ट्रेलर ने कुचला, दो मासूम समेत तीन की मौत

राजसमंद में दर्दनाक हादसा, दो घायल
उदयपुर, 24 मई:
राजस्थान में राजसमंद जिले के आमेट थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर घायल हो गईं। हादसा आमेट-देवगढ़ स्टेट हाईवे पर सेलागुड़ा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीन लोग ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
आमेट थाना प्रभारी ओमसिंह चुंडावत ने बताया कि नगर पालिका कॉलोनी निवासी मुकेश जोशी (40) अपने परिवार के साथ ढेलाना भेरूजी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। उनके साथ बहन मधुबाला, भतीजा कुलदीप (7), भांजा लक्षदीप (3) और भांजी चारू बाइक पर सवार थे।
सामने से आ रहे ट्रेलर ने मारी टक्कर
आसन गांव स्थित चंद्रभागा नदी पुल के पास देवगढ़ की ओर से आ रहे ट्रेलर ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में मुकेश, कुलदीप और लक्षदीप ट्रेलर के नीचे फंस गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया।
हादसे में मधुबाला और चारू गंभीर घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने शवों को आमेट उपजिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया, जबकि दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रेफर किया गया।
ट्रेलर जब्त, जांच शुरू
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कराया गया।

एसबीआई को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार

चैट जीपीटी से लिखा था धमकी भरा मेल
बांसवाड़ा, 24 मई:
बांसवाड़ा में स्टेट बैंक आफ इंडिया की शाखा को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने दोस्त की सलाह पर फर्जी ईमेल आईडी बनाकर धमकी भरा मैसेज भेजा था, जिसे उसने चैट जीपीटी की मदद से तैयार किया। घटना के बाद आरोपी ने ईमेल और मैसेज दोनों डिलीट कर दिए थे।
बैंक में मचा था हड़कंप
एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि 10 मार्च 2026 को मोहन कॉलोनी स्थित एसबीआई शाखा के चीफ मैनेजर मुकेश कुमार जैन को बैंक परिसर में बम होने संबंधी ईमेल मिला था। सूचना मिलते ही बैंक प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर बैंक खाली कराया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
साइबर ट्रैकिंग से पहुंची पुलिस
मामले की जांच साइबर सेल और कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की। तकनीकी जांच में ईमेल आईडी मोहन कॉलोनी निवासी वंश हेड़ा (21) के नाम पर ट्रेस हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पहले डाकघर को मिले धमकी भरे ईमेल से प्रेरित होकर यह साजिश रची थी।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी 32 लाख रुपए के फर्जी ट्रांजैक्शन मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। मामले में साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की विशेष भूमिका रही।

देवनानी बोले- ‘अकबर महान’ पढ़कर होती थी पीड़ा

शिक्षा मंत्री बनते ही पाठ्यक्रम में जोड़ा ‘प्रताप महान’
बांसवाड़ा, 24 मई
: राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि स्कूलों में ‘अकबर महान’ पढ़कर उन्हें हमेशा पीड़ा होती थी। उन्होंने कहा कि जो आक्रांता इस देश पर हमला करने आए, उन्हें महान बताना उचित नहीं है। इसलिए शिक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने पाठ्यक्रम में बदलाव कर ‘अकबर महान’ की जगह ‘प्रताप महान’ को शामिल कराया।
‘हमने विश्व को खोजा, हमें किसी ने नहीं’
बांसवाड़ा दौरे पर पहुंचे देवनानी ने गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय अध्ययन पीठ का शुभारंभ किया। इस दौरान भारतीय इतिहास और संस्कृति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत हजारों साल पुरानी सनातन परंपरा वाला देश है। उन्होंने सवाल उठाया कि “भारत की खोज वास्कोडिगामा ने की”, यह पढ़ाया जाना भारतीय इतिहास के साथ अन्याय है। देवनानी ने कहा कि “हमने विश्व को खोजा है, हमें किसी ने नहीं खोजा।”
बांसवाड़ा के विकास की सराहना
कार्यक्रम में कुलपति केशव ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत में देवनानी ने बांसवाड़ा के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में जिले में बड़ा बदलाव आया है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्राथमिकता में भी क्षेत्र का विकास शामिल है।
त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में किए दर्शन
विश्वविद्यालय कार्यक्रम के बाद देवनानी ने प्रसिद्ध त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में दर्शन-पूजन किए। वीआईपी दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।

सोती महिलाओं के जेवर खींच ले गए बदमाश

विरोध करने पर बेटे के सिर पर सरिये से हमला
उदयपुर, 24 मई:
उदयपुर जिले के फतहनगर थाना क्षेत्र के लदानी गांव में देर रात घर में घुसे नकाबपोश बदमाश वृद्धा सहित दो महिलाओं के पहने हुए सोने के जेवर लूट ले गए। विरोध करने पर महिलाओं के बेटे पर लोहे के सरिये से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया।
थानाधिकारी चन्द्रशेखर ने बताया कि घटना रात करीब 2 बजे की है। वृद्धा दाखी बाई, उनका बेटा मांगीलाल और भाभी लोगरी बाई घर के चौक में सो रहे थे। इसी दौरान दो नकाबपोश चोर दीवार कूदकर घर में घुस आए। एक बदमाश सरिया लेकर खड़ा रहा, जबकि दूसरे ने महिलाओं के कानों से टॉप्स, नथ और अन्य सोने के जेवर झटके से खींच लिए।
दर्द से महिलाओं की चीख निकलने पर मांगीलाल जाग गया। उसने विरोध किया तो बदमाश ने उसके सिर पर सरिये से वार कर दिया। हमले में मांगीलाल के सिर में गंभीर चोट आई और छह टांके लगाने पड़े। बदमाश करीब चार तोला सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

बिजकॉन 2.0 में दिखा उदयपुर का कॉर्पोरेट विजन

नेटवर्किंग, ब्रांडिंग और स्टार्टअप्स को मिला बड़ा मंच
लोकल बिजनेस को नेशनल पहचान दिलाना लक्ष्य: माधवानी
उदयपुर, 24 मई:
बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल द्वारा आयोजित प्रीमियम बिजनेस कॉन्क्लेव “बिजकॉन 2.0” विंधम ग्रैंड उदयपुर में भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में शहर के उद्योगपतियों, स्टार्टअप फाउंडर्स, कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स और युवा उद्यमियों ने भाग लेकर बिजनेस नेटवर्किंग और नए अवसरों पर मंथन किया।
बीसीआई के फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने कहा कि “बिजकॉन 2.0 केवल नेटवर्किंग इवेंट नहीं, बल्कि उदयपुर के बिजनेस इकोसिस्टम को नई दिशा देने वाला मंच है।” कार्यक्रम की शुरुआत विंधम ग्रैंड के वाइस प्रेसिडेंट ऑपरेशंस विशाल कपूर के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने होटल की सीएसआर गतिविधियों, लेक क्लीनिंग और हेरिटेज संरक्षण अभियानों की जानकारी भी दी।
पैनल डिस्कशन रहा आकर्षण
कार्यक्रम में आधुनिक बिजनेस चुनौतियों, डिजिटल ब्रांडिंग, टेक्नोलॉजी और ग्राहक अनुभव जैसे विषयों पर चर्चा हुई। हाई-प्रोफाइल पैनल डिस्कशन में डॉ. श्रद्धा गट्टानी, अमृत मेहता, करण गर्ग और रुखसाना साबुनवाला सहित कई विशेषज्ञ शामिल हुए। संचालन बॉलीवुड म्यूजिक डायरेक्टर एकार्थ पुरोहित ने किया।
बिजनेस सहयोग और निवेश पर फोकस
आयोजन में विभिन्न स्पॉन्सर्स और संस्थाओं ने बिजनेस प्रेजेंटेशन दिए। कार्यक्रम के दौरान संभावित बिजनेस कोलैबोरेशन, इन्वेस्टमेंट अवसर और भविष्य की पार्टनरशिप्स पर भी चर्चा हुई। आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह मंच उदयपुर को मजबूत कॉर्पोरेट और नेटवर्किंग हब बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

लदानी के टेरिया में देर रात चोरी, सरिये से वार कर चार तोला जेवर लूटे


फतहनगर, 24 मई: फतहनगर थाना क्षेत्र के लदानी गाँव के टेरिया में अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। चोर करीब चार तोला सोने के जेवर लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार टेरिया निवासी मांगीलाल डांगी (पिता हेमराज) अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान तीन-चार बदमाश दीवार कूदकर घर में घुस गए। चोरों ने पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया और आसपास के अन्य मकानों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, ताकि कोई सहायता के लिए बाहर न निकल सके।
घर में घुसने के बाद एक बदमाश मांगीलाल के पास लोहे का सरिया लेकर खड़ा रहा, जबकि दूसरे चोर ने पास में सो रही वृद्धा दाखी बाई के कानों के टॉप्स और नथ झटके से खींचकर तोड़ लिए। इसके बाद पास ही सो रही वृद्धा लोगरी बाई के भी सोने के जेवर, नथ और मादलिया छीन लिए।

जाखम का पानी भरेगा जयसमंद, मेवाड़ को मिलेगी नई जीवनरेखा

10 हजार करोड़ की परियोजना से पेयजल, सिंचाई और पर्यटन को बड़ा सहारा
उदयपुर, 24 मई
: मेवाड़ क्षेत्र में वर्षों से बनी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल शुरू की है। प्रस्तावित करीब 10 हजार करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत जाखम बांध का पानी देश की सबसे बड़ी मानव निर्मित मीठे पानी की झील Jaisamand Lake तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद ग्रेविटी आधारित सिस्टम से उदयपुर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी सप्लाई होगा।
50 हजार हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित
परियोजना के तहत बड़गांव, मावली और मारकंडिया क्षेत्र से पाइपलाइन नेटवर्क विकसित कर पानी को मेजा बांध और फिर जयसमंद तक पहुंचाया जाएगा। इससे उदयपुर और सलूम्बर जिले की करीब 50 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा। किसानों को सालभर पर्याप्त पानी मिलने से फसल उत्पादन बढ़ेगा और खेती अधिक लाभकारी बन सकेगी।
ग्रेविटी सिस्टम से घटेगा खर्च
विशेषज्ञों के अनुसार ग्रेविटी आधारित जलापूर्ति प्रणाली से बिजली खर्च कम होगा और पानी की सप्लाई अधिक टिकाऊ बनेगी। इससे गर्मी के मौसम में जल संकट से जूझ रहे लाखों लोगों को राहत मिलेगी।
जयसमंद भरने से होंगे कई फायदे
जयसमंद झील भरने से केवल पेयजल संकट ही नहीं सुलझेगा, बल्कि भूजल स्तर में सुधार, वन्यजीवों को पानी की उपलब्धता, मत्स्य उत्पादन में वृद्धि और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। झील क्षेत्र में हरियाली बढ़ने से स्थानीय जलवायु पर सकारात्मक असर पड़ेगा। साथ ही होटल, पर्यटन और रोजगार से जुड़े व्यवसायों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

रीको एरिया बनेंगे ईवी हब

आधी कन्वर्जन दरों पर लग सकेंगे चार्जिंग स्टेशन
उदयपुर, 24 मई
: प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। अब रीको के औद्योगिक क्षेत्रों में इंडस्ट्रियल प्लॉट्स पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा सकेंगे। इसके लिए औद्योगिक भूखंडों के कन्वर्जन शुल्क में 50 प्रतिशत तक राहत दी जाएगी, जिससे निवेशकों और उद्योग संचालकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
उदयपुर रीको क्षेत्र में वर्तमान में 14 इंडस्ट्रियल एरिया संचालित हैं। नई योजना के तहत इन क्षेत्रों में जमीन उपयोग परिवर्तन की प्रक्रिया आसान बनाई जाएगी। सरकार पहले चरण में प्रदेश के 39 शहरों और कस्बों में ईवी चार्जिंग स्टेशन विकसित करने की तैयारी कर रही है।
उदयपुर में तेजी से बढ़ रहे ईवी वाहन
उदयपुर में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। रीको क्षेत्र में 81 से अधिक ई-रिक्शा और करीब 25 ईवी रजिस्ट्रेशन दर्ज हैं। जिले में 63 से ज्यादा ईवी डीलर सक्रिय हैं। चार पहिया और दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सरकार का मानना है कि इस योजना से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, उद्योग क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी और नए निवेश के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

स्कूलों की छुट्टियां बढ़ीं, 29 जून से खुलेंगे सरकारी स्कूल
उदयपुर:
राजस्थान सरकार ने भीषण गर्मी को देखते हुए सरकारी स्कूलों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियां बढ़ा दी हैं। अब प्रदेश के सरकारी स्कूल 22 जून के बजाय 29 जून से खुलेंगे। सरकार ने यह फैसला विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और लू के बढ़ते खतरे को ध्यान में रखते हुए लिया है। इससे पहले शिक्षक संगठनों ने जून में स्कूल खोलने के निर्णय का विरोध जताया था। उनका कहना था कि तेज गर्मी में बच्चों के बीमार होने की आशंका बढ़ सकती है। संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद शिक्षा मंत्री Madan Dilawar और शिक्षक प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। चर्चा के बाद सरकार ने अवकाश 28 जून तक बढ़ाने का निर्णय लिया। अब 29 जून से स्कूलों में शिक्षण कार्य शुरू होगा। इस फैसले से अभिभावकों और विद्यार्थियों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

खेतों से मकान तक पहुंची आग
बेगूं:
बेगूं के हवाला बावड़ी क्षेत्र में रविवार को खेत में कचरा जलाने के दौरान लगी आग तेज हवा के कारण आसपास के खेतों और बाड़ों तक फैल गई। आग की चपेट में एक मकान भी आ गया, जिससे घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग बढ़ते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दो दमकलों और निजी पानी के टैंकरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मकान में रखे बिस्तर और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा। आग की लपटें ओपन जिम और कॉलोनियों की ओर बढ़ने लगी थीं, जिससे लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। प्रशासन ने लोगों से गर्मी के मौसम में खुले में कचरा या सूखी घास नहीं जलाने की अपील की है।

स्विफ्ट कार से डोडा-चूरा बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
राजसमंद :
राजसमंद जिले में ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान के तहत केलवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 किलो 660 ग्राम अवैध अफीम डोडा-चूरा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में केलवा थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने एनएच-58 सर्विस रोड पर संदिग्ध कार को रुकवाकर तलाशी ली। कार से भारी मात्रा में डोडा-चूरा मिला। मौके से श्रवण राम प्रजापत निवासी जोधपुर को गिरफ्तार किया गया। वहीं चालक शेरा राम भाग निकला। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।

21 हजार दीपों से जगमगाएगा कुंभलगढ़
कुंभलगढ़:
महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर 17 जून को कुंभलगढ़ दुर्ग पर 21 हजार दीपक जलाकर भव्य आयोजन किया जाएगा। हिंदू संघर्ष समिति कुंभलगढ़ की बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। समिति के अनुसार दुर्ग स्थित प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को दीपों से रोशन किया जाएगा। इनमें शिव मंदिर, गणपति मंदिर, मामादेव मंदिर, महाराणा प्रताप जन्मस्थली और मुख्य द्वार शामिल हैं। आयोजन में ग्रामीणों और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर टोलियां गठित की जाएंगी। प्रत्येक पंचायत से दीपक, तेल और रुई एकत्र की जाएगी। समिति का कहना है कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को महाराणा प्रताप के शौर्य और राष्ट्रभक्ति से जोड़ना है। बैठक में क्षेत्र के कई सामाजिक कार्यकर्ता और समिति सदस्य मौजूद रहे।

जल संरक्षण अभियान आज से
डूंगरपुर :
डूंगरपुर जिले में जल और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026’ सोमवार से शुरू होगा। यह अभियान 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस तक चलेगा।
जिला कलेक्टर ने बताया कि अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जल स्रोतों के संरक्षण, सफाई और पुनर्जीवन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तालाबों, कुओं और बावड़ियों के संरक्षण पर विशेष फोकस रहेगा। अभियान के दौरान पौधारोपण, श्रमदान, रैलियां और जनजागरूकता कार्यक्रम भी होंगे। स्कूलों और ग्राम पंचायतों में जल बचाने का संदेश दिया जाएगा। प्रशासन ने आमजन से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की है ताकि जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाया जा सके।

दुकान में बदमाशों ने लगा आग
बांसवाड़ा:
गढ़ी कस्बे में थाने से करीब 500 मीटर दूर स्थित एक सेल दुकान में अज्ञात बदमाशों ने आग लगा दी। घटना में करीब 18 लाख रुपए का सामान और 3.80 लाख रुपए नकद जलकर राख हो गए। दुकानदार आशीष कुमार गुप्ता के अनुसार शाम को कुछ युवकों से सामान के पैसे मांगने पर विवाद हुआ था। आरोप है कि रात में वही युवक लौटे और दुकान में आग लगा दी। उस समय दुकानदार पुलिस थाने गया हुआ था। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों ने दमकल को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाई, लेकिन तब तक पूरा सामान नष्ट हो चुका था। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। संदिग्ध युवकों की तलाश जारी है।

अनिल पारिख को मिलेगा ‘हीरोज ऑफ इंडिया अवॉर्ड’
उदयपुर
: समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर अनिल पारिख को ‘हीरोज ऑफ इंडिया अवॉर्ड्स-2026’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 31 मई को जयपुर में हिन्दुस्तान बुक्स आॅफ रिकार्ड द्वारा आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा। वृक्षम अमृतम सेवा संस्थान के उपाध्यक्ष अनिल पारिख को वृक्षारोपण, जनहित कार्यों और सामाजिक बदलाव में योगदान के लिए चुना गया है। संस्थान के अध्यक्ष डॉ. गोपेश शर्मा ने बताया कि पारिख के कार्यों से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचा है। मीडिया प्रभारी नरेश पूर्बिया के अनुसार यह राष्ट्रीय सम्मान उन व्यक्तित्वों को दिया जाता है, जिन्होंने समाज और राष्ट्र निर्माण में विशेष भूमिका निभाई हो। संस्था के कार्यकर्ताओं ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई है।

जिंक फुटबॉल अकादमी से 1400 से ज्यादा युवाओं को मिला मंच
उदयपुर:
विश्व फुटबॉल दिवस पर हिन्दुस्तान जिंक की जिंक फुटबॉल अकादमी ने फुटबॉल विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अकादमी ने पिछले एक वर्ष में 1400 से अधिक युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और अवसर प्रदान किए हैं। अकादमी ने लगातार तीसरी बार राजस्थान स्टेट मेन्स लीग का खिताब जीता, जबकि अंडर-18 टीम एआईएफएफ एलीट लीग में उपविजेता रही। लड़कियों की टीम ने भी कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल की है। अकादमी ग्रामीण प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और छात्रवृत्ति उपलब्ध करा रही है। यहां प्रशिक्षित खिलाड़ी मोहम्मद कैफ राजस्थान से 40 साल बाद भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी बने। अकादमी का उद्देश्य खेल के जरिए युवाओं को नई पहचान देना और महिला फुटबॉल को बढ़ावा देना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *