LOADING

Type to search

उदयपुर पुलिस ने पकड़े चार तस्कर

crime

उदयपुर पुलिस ने पकड़े चार तस्कर

Share

अफीम, पिस्टल, कारतूस के साथ फर्जी नंबर प्लेट लगी कार और लाखों की नकदी बरामद की
उदयपुर, 30 मई:
उदयपुर पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत अवैध मादक पदार्थों एवं अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अफीम, अवैध ऑटोमेटिक पिस्टल, जिंदा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी कार तथा लाखों रुपए की नकदी बरामद की है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में वल्लभनगर एवं खेरोदा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कीर की चौकी स्थित श्रीराम होटल पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बाड़मेर निवासी मोहनलाल उर्फ मुन्ना जाट के पास से एक अवैध ऑटोमेटिक पिस्टल बरामद हुई, जबकि उसके साथी हुकमाराम सारण से 14 ग्राम अफीम और तीन जिंदा कारतूस मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी बड़ी मात्रा में डोडा चूरा की खेप की डील कर रहे थे।
इसी दौरान होटल के कमरे नंबर 108 से पंजाब के जसविंदर सिंह और कुलदीप सिंह को 8 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया। जांच में उनकी स्विफ्ट कार पर दो अलग-अलग नंबर प्लेट लगी मिलीं। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग कर अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त कर रहे थे।
होटल की तलाशी के दौरान संचालक राजेश मेनारिया के कब्जे से 20 लाख 44 हजार रुपए नकद एवं कुछ जमीनों की रजिस्ट्रियां भी बरामद हुईं। पुलिस ने राशि को बीएनएसएस की धारा 106 के तहत जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

प्रतापगढ़ में अवैध हथियारों के साथ चार युवक गिरफ्तार

डीएसटी और रठांजना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, कार से दो पिस्टल व मैगजीन बरामद
प्रतापगढ़, 30 मई:
अवैध हथियारों की तस्करी और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रतापगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। रठांजना थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल और एक मैगजीन बरामद की गई है। हथियारों के परिवहन में प्रयुक्त एक कार भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जौधा और पुलिस उप अधीक्षक गजेंद्र सिंह राव के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि नीमच की ओर से आ रही एक टाटा टियागो कार में सवार कुछ युवक अवैध हथियार लेकर प्रतापगढ़ की तरफ आ रहे हैं।
सूचना के आधार पर रठांजना थाना पुलिस ने मोजा थड़ा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन से दो पिस्टल और एक मैगजीन बरामद हुई। इसके बाद कार में सवार चारों युवकों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिंटू (22), रौनक (21), सनी नाथ (19) और नीलेश (22) के रूप में हुई है। सभी आरोपी प्रतापगढ़ जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बरामद हथियारों के स्रोत, उनकी वैधता तथा आरोपियों के संभावित नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हथियारों का उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *