बोहरा गणेशजी को न्योता, घर-घर पहुंचेगी हल्दीघाटी विजय गाथा
Share
उदयपुर, 3 जून: वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती एवं हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 जून को गांधी ग्राउंड में आयोजित होने वाली विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा के लिए बुधवार को मेवाड़ के आराध्य भगवान बोहरा गणेशजी को प्रथम निमंत्रण अर्पित किया गया। प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मुख्य संबोधन देंगे।
बोहरा गणेशजी मंदिर में वंदन के साथ ही मेवाड़-वागड़ क्षेत्र में घर-घर हल्दीघाटी विजय गाथा पहुंचाने का जनसंपर्क अभियान भी शुरू किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को निमंत्रण पत्र और हल्दीघाटी विजय की गौरवगाथा से जुड़े पत्रक वितरित किए गए।
प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि महाराणा भूपाल स्टेडियम स्थित गांधी ग्राउंड में होने वाले इस आयोजन में मेवाड़-वागड़ क्षेत्र से बड़ी संख्या में समाजजन भाग लेंगे। कार्यक्रम संयोजक सीए महावीर चपलोत ने बताया कि आयोजन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। वर्षभर से चल रहे हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती समारोहों का समापन भी इसी विराट आयोजन के साथ होगा।
