जिंक फुटबॉल गर्ल्स एकेडमी ने रचा इतिहास
Share
पहले ही सीजन में जीता राजस्थान महिला फुटबॉल लीग का खिताब, आईडब्ल्यूएल-2 में मिला प्रमोशन
गोपाल लोहार
उदयपुर, 7 जून: हिंदुस्तान जिंक की जिंक फुटबॉल गर्ल्स एकेडमी (जेडएफए) ने अपने पहले ही सीजन में राजस्थान लीग सीनियर विमेंस ‘ए’ डिवीजन 2025-26 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। जावर स्थित एकेडमी की टीम ने अंतिम मुकाबले में रियल जयपुर एफसी को 8-0 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। इस जीत के साथ टीम ने इंडियन विमेंस लीग-2 (आईडब्ल्यूएल-2) में भी ऐतिहासिक प्रमोशन हासिल किया है।
सबसे खास बात यह रही कि टूर्नामेंट की सबसे युवा टीम, जिसकी औसत उम्र मात्र 15 वर्ष 8 माह थी, ने यह उपलब्धि हासिल की। राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में जेडएफए ने 8 में से 7 मुकाबले जीतकर 21 अंक अर्जित किए। टीम ने पूरे सीजन में 24 गोल किए और केवल 5 गोल खाए।
अंतिम मैच में अंतरा डोलुई ने हैट्रिक लगाई, जबकि डांगी मार्डी ने दो गोल किए। प्रियंका, जोहा और बिंदिया कुमारी मीणा ने भी शानदार प्रदर्शन किया। जावर की स्थानीय खिलाड़ियों गीत मीणा, बिंदिया मीणा, मनीषा पटेल और सविता कालबेलिया ने पूरे सीजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
2025 में शुरू हुई जिंक फुटबॉल गर्ल्स एकेडमी ने एक वर्ष से भी कम समय में दून कप, अस्मिता लीग कप, डीएवी अंडर-19 नेशनल्स और अब राजस्थान लीग खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
