प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण, जिलेभर में लगे विशेष शिविर
Share
134 चिकित्सा संस्थानों पर गर्भवती महिलाओं की जांच, 385 ‘मां वाउचर’ वितरित
उदयपुर, 9 जून: प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के गौरवपूर्ण 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मंगलवार को उदयपुर जिले के सभी प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर उच्च जोखिम वाली महिलाओं को चिन्हित किया गया तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया।
जिलेभर में आयोजित शिविरों के दौरान खून की कमी से पीड़ित गर्भवती महिलाओं को एफसीएम एवं आयरन सुक्रोज इंजेक्शन लगाए गए, जबकि अन्य महिलाओं को आयरन और कैल्शियम की आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ली व्यवस्थाओं की जानकारी
सीएमएचओ उदयपुर प्रथम डॉ. अशोक आदित्य ने सीएचसी फलासिया और पीएचसी खांडी ओवरी से संपर्क कर शिविर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा चिकित्सक, एलएचवी, एएनएम और आशा सहयोगिनियों की उपस्थिति की जानकारी ली। वहीं सीएमएचओ उदयपुर द्वितीय डॉ. ओ.पी. रायपुरिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला चिकित्सालय भींडर और उप जिला चिकित्सालय मावली की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आरसीएचओ डॉ. राकेश गुप्ता ने भी उप जिला चिकित्सालय कोटड़ा और झाड़ोल से संपर्क कर अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
385 महिलाओं को मिले ‘मां वाउचर’
अभियान के तहत जिले के 134 चिकित्सा संस्थानों पर गर्भवती महिलाओं की जांच की गई तथा 385 महिलाओं को ‘मां वाउचर’ प्रदान किए गए। इन वाउचर के माध्यम से गर्भवती महिलाएं सरकार द्वारा चयनित किसी भी अधिकृत सोनोग्राफी केंद्र पर निःशुल्क सोनोग्राफी करवा सकेंगी। अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य सरकार द्वारा जारी विशेष जनजागरूकता सामग्री (आईईसी) भी सभी चिकित्सा संस्थानों पर प्रदर्शित की गई।
