LOADING

Type to search

अपराध समाचार

crime

अपराध समाचार

Share

मोबाइल लूटकर जबरन कराया ऑनलाइन भुगतान, बाइक भी जब्त
उदयपुर, 9 जून:
बावलवाड़ा थाना पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से मारपीट, मोबाइल लूट और धमकाकर ऑनलाइन भुगतान करवाने के मामले में मुख्य आरोपी सहित दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन और टेक्नो मोबाइल बरामद कर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 24 मई को कलेक्शन कार्य के दौरान कर्मचारी दिलीप सिंह और उसके साथियों के साथ मारपीट की गई थी। आरोपियों ने दिलीप को जंगल में ले जाकर जान से मारने की धमकी दी और फोन-पे के जरिए 2,846 रुपए ट्रांसफर करवाने के बाद दो मोबाइल लूट लिए थे। मामले में अभिषेक कुमार और अनिल उर्फ कावाराम उर्फ कोबरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

शराब ठेके से लाखों की चोरी का फरार आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर, 9 जून:
बावलवाड़ा थाना पुलिस ने शराब ठेके से नकदी और लाखों रुपए की शराब चोरी के मामले में दो साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अविनाश (25) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार नवंबर 2024 में झोपड़ी-सारोली रोड स्थित शराब ठेके से करीब 60 हजार रुपए नकद, 50 पेटी अंग्रेजी शराब, 10 पेटी बीयर, 5 पेटी देशी शराब और अन्य सामान चोरी हुआ था। मामले में पूर्व में छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मुख्य फरार आरोपी अब पुलिस के हत्थे चढ़ा है।

वृद्ध की हत्या के प्रयास मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर, 9 जून
: गोगुंदा थाना पुलिस ने दो माह पूर्व 65 वर्षीय दूध व्यवसायी शंकरलाल पालीवाल की हत्या के प्रयास के मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष उर्फ मुन्ना उर्फ राणा और वीरेंद्र सिंह उर्फ विज्जू के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दूध व्यवसाय को लेकर चल रही प्रतिस्पर्धा और आपसी रंजिश के चलते मुख्य साजिशकर्ता ने शंकरलाल की हत्या की योजना बनाई थी। आरोपियों ने सुनसान इलाके में मोटरसाइकिल रुकवाकर चाकू से हमला किया और उन्हें मृत समझकर फरार हो गए। मामले में पहले तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

बांध में डूबने से युवक की मौत
उदयपुर, 9 जून :
ऋषभदेव थाना क्षेत्र के घाटी पीपली-ए बांध में नहाने गए 35 वर्षीय गणेश कालबेलिया की डूबने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह नहाते समय वह पानी में झाड़ियों में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। ग्रामीणों ने करीब चार घंटे तक उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची सिविल डिफेंस टीम ने पांच मिनट में शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

फर्जी लाइसेंस पर बिक रहे थे ‘उपकार’ मसाले
उदयपुर, 9 जून:
शहर में ‘उपकार’ ब्रांड के नाम से फर्जी तरीके से मसाले बेचने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित एफएसएसएआई लाइसेंस निरस्त कर दिया है। सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि व्यवसायी ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लाइसेंस प्राप्त किया था। शिकायत के बाद जांच में अनियमितताएं सामने आईं। विभाग ने चेतावनी दी है कि लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी उत्पादन या बिक्री जारी रखने पर फैक्ट्री सीज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खड़े ट्रेलर में घुसा ट्रक, चालक की मौत
चित्तौड़गढ़, 9 जून:
भदेसर थाना क्षेत्र में चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे पर खड़े ट्रेलर में पीछे से आ रहे ट्रक की टक्कर से चालक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक दीपक शर्मा उसमें फंस गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

निजी बस से 101 पेटी शराब जब्त
राजसमंद, 9 जून:
नाथद्वारा थाना पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निजी ट्रेवल्स बस से 101 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान अजमेर से सूरत जा रही बस की तलाशी ली, जिसमें बिना वैध दस्तावेज शराब ले जाई जा रही थी। मामले में दिवेर निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बस को जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

करंट लगने से 12 वर्षीय बालिका की मौत
राजसमंद, 9 जून:
भीम क्षेत्र के आमनेर गांव में खेत की तारबंदी में दौड़े करंट की चपेट में आने से 12 वर्षीय बालिका दिव्यांशी की मौत हो गई। वह बकरियां चराने गई थी। घटना के बाद परिजनों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर खेत मालिक सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। समझाइश के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *