कानोड़ पुलिस ने अवैध पिस्टल और कारतूस सहित युवक को किया गिरफ्तार
Share
हत्या की नीयत से खरीदा था हथियार, जेल से आरोपी की रिहाई का कर रहा था इंतजार
उदयपुर, 11 जून: अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कानोड़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और कारतूस बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी किसी पुराने विवाद का बदला लेने और हत्या की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उसकी योजना विफल हो गई।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेड़वाड़ा अंजना सुखवाल तथा वल्लभनगर वृत्ताधिकारी रामकुमार भादू के सुपरविजन में कानोड़ थानाधिकारी हुकम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने कानोड़ निवासी संजय पुत्र दिनेश के घर पर दबिश देकर एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन, दो जिंदा कारतूस तथा दो खाली खोखे बरामद किए।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कुछ समय पूर्व आरोपी के बड़े भाई नितेश पर भींडर क्षेत्र में अमर नामक व्यक्ति ने जानलेवा हमला किया था। इसी रंजिश के चलते आरोपी संजय ने अमर से बदला लेने और उसकी हत्या करने की नीयत से कोटा निवासी दीपक से अवैध पिस्टल और कारतूस खरीदे थे। अमर वर्तमान में जेल में बंद है और आरोपी उसकी रिहाई का इंतजार कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई में थानाधिकारी हुकम सिंह सहित पुलिस टीम के कई जवानों की विशेष भूमिका रही।
