हाईकोर्ट आदेश की अनदेखी पर शिक्षक संघ भड़का
Share
प्राध्यापक के वेतन और लंबित बिलों का भुगतान रोके जाने का आरोप, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
उदयपुर, 11 जून: राजस्थान शिक्षक संघ (एकीकृत) ने पीएम श्री राजकीय फतेह उच्च माध्यमिक विद्यालय, सूरजपोल में कार्यरत प्राध्यापक गोपाल सिंह आसोलिया के मामले में विद्यालय प्रशासन के रवैये पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। संघ ने आरोप लगाया है कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करते हुए शिक्षक को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि उच्च न्यायालय, जोधपुर ने 15 अप्रैल 2026 को आदेश जारी कर प्राध्यापक गोपाल सिंह आसोलिया को उनके पद पर यथावत बनाए रखने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद विद्यालय प्रशासन द्वारा उनके वेतन, भत्तों और वर्ष 2022 से लंबित यात्रा भत्ता (टीए) बिलों का भुगतान रोका जा रहा है।
इस मामले को लेकर शिक्षक संघ ने निदेशक माध्यमिक शिक्षा राजस्थान, जिला कलेक्टर उदयपुर और संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा उदयपुर संभाग को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि न्यायालय के आदेश की अवहेलना और प्रधानाचार्य का मनमाना रवैया प्रशासनिक शिथिलता तथा विभागीय निर्देशों का उल्लंघन है।
संघ ने आरोप लगाया कि लंबित बिलों का निस्तारण करने के बजाय अनावश्यक आपत्तियां लगाकर शिक्षक को परेशान किया जा रहा है। संगठन ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि वर्तमान प्रधानाचार्य के असहयोगात्मक रवैये को देखते हुए वेतन भुगतान के लिए डीडीओ अधिकार किसी अन्य सक्षम अधिकारी को सौंपे जाएं।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन का रास्ता अपनाएगा और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करेगा।
