LOADING

Type to search

चित्रों में जीवंत हुआ मेवाड़ का शौर्य, हर कैनवास से गूंजा राष्ट्र गौरव का संदेश

Local

चित्रों में जीवंत हुआ मेवाड़ का शौर्य, हर कैनवास से गूंजा राष्ट्र गौरव का संदेश

Share

हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के तहत गांधी ग्राउंड में तीन दिवसीय भव्य चित्र प्रदर्शनी शुरू
महाराणा प्रताप के शौर्य, जौहर, साकों और उदयपुर के इतिहास को 169 चित्रों में उकेरा
उदयपुर, 16 जून:
मेवाड़ की गौरवशाली परंपरा, शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम सोमवार को गांधी ग्राउंड में शुरू हुई तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी में देखने को मिला। हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:शती समारोह के तहत आयोजित इस प्रदर्शनी में इतिहास मानो कैनवास पर जीवंत हो उठा। महाराणा प्रताप के अदम्य साहस से लेकर जौहर और साकों की अमर गाथाओं तक, हर चित्र मेवाड़ के स्वाभिमान की कहानी बयां करता नजर आया।
प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि मेवाड़ के मान, सम्मान और शौर्य को चित्रों में उतारना आसान नहीं है, लेकिन कलाकारों ने अपने भावों को इतनी जीवंतता से उकेरा है कि हर चित्र मानो कह रहा हो— “तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें न रहें।” उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी जब इन चित्रों को देखेगी तो उसे केवल इतिहास की जानकारी ही नहीं मिलेगी, बल्कि राष्ट्रधर्म, संस्कृति, साहस, अनुशासन और मातृभूमि के प्रति समर्पण का भाव भी जागृत होगा।
प्रदर्शनी में हल्दीघाटी युद्ध, मेवाड़ के जौहर-साकों, उदयपुर शहर के ऐतिहासिक विकास और देशभर के चित्रकारों की कृतियों सहित कुल 169 चित्र प्रदर्शित किए गए हैं। इतिहासविदों और विशेषज्ञों ने आगंतुकों को मेवाड़ के नगर नियोजन, जल प्रबंधन, पर्यावरण, कृषि और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े पहलुओं की जानकारी भी दी।
प्रदर्शनी 17 जून तक चलेगी और उसी दिन गांधी ग्राउंड में आयोजित होने वाली विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा के साथ इसका समापन होगा। सभा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत संबोधित करेंगे।
आज होगा 57 फीट प्रतिमा का दुग्धाभिषेक
महाराणा प्रताप जयंती की पूर्व संध्या पर 16 जून को शाम 5:15 बजे प्रताप गौरव केंद्र में स्थापित 57 फीट ऊंची महाराणा प्रताप की बैठक प्रतिमा का दुग्धाभिषेक किया जाएगा। वहीं सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मंगलवार शाम उदयपुर पहुंचेंगे और 17 जून को राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को संबोधित करेंगे।
प्रदर्शनी की खास बातें
51 चित्र हल्दीघाटी युद्ध, जौहर और साकों पर आधारित
68 चित्र उदयपुर के गली-मोहल्लों और ऐतिहासिक स्थलों के इतिहास पर
50 चित्र देशभर के कलाकारों द्वारा निर्मित विशेष कृतियां
हल्दीघाटी विजय पर बनी लघु फिल्म के पोस्टर का भी लोकार्पण
प्रदर्शनी के लिए गांधी ग्राउंड में विशेष डोम तैयार किया गया

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *