ढोल-नगाड़ों और जयघोषों के बीच निकली साहू समाज की विराट शोभायात्रा
Share
6000 श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
उदयपुर, 16 जून: पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में श्री तैलिक साहू समाज पंच महासभा (छः बैठक) उदयपुर के तत्वावधान में मंगलवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, धर्म ध्वजाओं और जयघोषों के बीच निकली यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत माहेश्वरी सेवा सदन में धार्मिक अनुष्ठानों, रुद्राभिषेक, हवन एवं बोलियों के साथ हुई। महामंत्री कन्हैया लाल नैनावा ने बताया कि ठाकुरजी की मुख्य बग्गी की बोली 1 लाख 1 हजार 1 रुपये में छूटी। समाज के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर धर्मकार्य में भागीदारी निभाई। बोलियों का संचालन भरत पचलोड़िया एवं चंद्रशेखर दशोरा ने किया।
दोपहर में धानमंडी हनुमान चौक से शुरू हुई शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गणगौर घाट पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। सुसज्जित बग्गियों में विराजित ठाकुरजी, धार्मिक झांकियां, घोड़े, धर्मध्वजाएं और भक्ति संगीत आकर्षण का केंद्र रहे।
महिलाओं ने भजन-कीर्तन एवं नृत्य के माध्यम से भक्ति भाव प्रस्तुत किया, वहीं बालक-बालिकाओं द्वारा तलवारों के साथ किए गए शौर्य प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। गणगौर घाट पर महाआरती के बाद ओसवाल भवन में विशाल महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें करीब 6000 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समाज अध्यक्ष हेमेंद्र पंडियार ने आयोजन की सफलता पर सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।
