LOADING

Type to search

नशा मुक्त भारत अभियान को मिली नई गति

Health

नशा मुक्त भारत अभियान को मिली नई गति

Share

विद्यार्थियों ने लिया व्यसनमुक्त जीवन का संकल्प, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
उदयपुर, 20 जून :
भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत उदयपुर जिले में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘नशा मुक्त पखवाड़े’ के अंतर्गत आरोग्य सेवा संस्थान जिला नशा मुक्ति केंद्र, डाखनकोटड़ा द्वारा लक्ष्य क्लासेस एवं श्रीनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं जिला नशा मुक्ति केंद्र के अध्यक्ष नरपत सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए व्यसनमुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी से ही नशा मुक्त समाज का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और नर्सिंग विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
वक्ताओं ने बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। इसलिए युवाओं को इस सामाजिक बुराई से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनानी चाहिए। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा आरोग्य सेवा संस्थान के संयुक्त प्रयासों की सराहना की गई। इस अवसर पर प्रोजेक्ट मैनेजर नारायण सिंह, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर विजयपाल सिंह, जोगेंद्र सिंह, सुदर्शन सिंह, सागर बलोची सहित संस्थान के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *