फूड पॉइजनिंग से किशोरी की मौत
Share
एक ही परिवार के 7 सदस्य अस्पताल में भर्ती, जांच शुरू
डूंगरपुर, 20 जून : जिले के चिखली पंचायत समिति क्षेत्र के ढेबरा गांव में फूड पॉइजनिंग की दर्दनाक घटना सामने आई है। दूषित भोजन खाने से एक ही परिवार के आठ सदस्य गंभीर रूप से बीमार हो गए, जिनमें 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ भोजन किया था। इसके कुछ समय बाद सभी को तेज उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। हालत बिगड़ने पर परिवार के मुखिया रामा, जो उस समय गुजरात के संतरामपुर में थे, सूचना मिलते ही गांव पहुंचे और बीमार परिजनों को सागवाड़ा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय लेकर गए।
अस्पताल में सात लोगों को भर्ती कराया गया, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं। एक साथ कई मरीजों के पहुंचने से अस्पताल में हड़कंप मच गया। चिकित्सकों की टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी मरीजों को बेहतर इलाज के लिए डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सा एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि भोजन के नमूनों की जांच के बाद ही फूड पॉइजनिंग के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी मरीजों का उपचार जारी है।
