भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब
Share
जय महेश प्रगति सेवा संस्थान की यात्रा में 7 बग्घियां बनी आकर्षण का केंद्र, शिवभक्ति में सराबोर रहा क्षेत्र
उदयपुर, 24 जून: जय महेश प्रगति सेवा संस्थान के तत्वावधान में सेक्टर-3 एवं सेक्टर-4 क्षेत्र में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत सेक्टर-3 स्थित शिव मंदिर में भगवान शिव के महाअभिषेक से हुई, जिसमें 21 दंपत्तियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। महाआरती के बाद महाप्रसादी का आयोजन देर रात तक चला।
संस्थान अध्यक्ष रमेशचंद्र पोरवाल ने बताया कि सायंकाल शिव मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा नेहरू छात्रावास, होटल प्राइड, बॉयस एम्पायर रोड, गुरु नानक स्कूल और सेक्टर-4 मुख्य चौराहे से होकर पुनः शिव मंदिर पहुंची। मार्गभर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा में 7 सुसज्जित बग्घियां, घोड़े, ऊंट गाड़ियां तथा डीजे-बैंड आकर्षण का केंद्र रहे। भक्ति गीतों और जयघोषों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। समापन पर महेश सेवा समिति परिसर में भव्य महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन किया गया।
संस्थान के सचिव गोपाल लाल चांडक ने कार्यकर्ताओं एवं युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने समाजसेवा और धार्मिक आयोजनों को निरंतर सफल बनाने का संकल्प लिया।
