नाल्स की नौवीं पुस्तक ‘जिंदगी के रंग – एहसास और अनुभूति’ का विमोचन
Share
45 साहित्यकारों की रचनाओं में जीवन के विविध आयामों का सजीव चित्रण
उदयपुर, 25 जून: अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक एवं वैचारिक समूह नाल्स (न्यू एज लीडरशिप सक्सेस) ने अपने पांचवें स्थापना दिवस से पूर्व अपनी नौवीं पुस्तक ‘जिंदगी के रंग – एहसास और अनुभूति’ का ऑनलाइन विमोचन किया। प्रोफेसर एस.पी. गर्ग द्वारा संपादित इस पुस्तक में 45 साहित्यकारों ने मानव जीवन के विभिन्न पहलुओं और संवेदनाओं को अपनी रचनाओं के माध्यम से अभिव्यक्त किया है।
पुस्तक के सह-लेखक एवं उदयपुर के साहित्यकार प्रो. विमल शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन आयोजित विमोचन समारोह में संपादक मंडल के सदस्य प्रो. एस.पी. गर्ग, नेहा शर्मा और जयनारायण सिंह सहित सभी रचनाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। विदेशों में रहने वाले कुछ लेखक समय के अंतर के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने वीडियो संदेश भेजकर अपनी भावनाएं साझा कीं।
उदयपुर के साहित्यकारों की रचनाओं को मिली सराहना
प्रो. विमल शर्मा की कहानी ‘बालमन की उधेड़बुन’ पुस्तक का विशेष आकर्षण रही। कहानी में उदयपुर यात्रा और जगदीश मंदिर की आरती के दौरान एक बालक के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव का भावपूर्ण चित्रण किया गया है। वहीं उदयपुर की सह-लेखिका डॉ. मीरा पुरोहित की रचना को भी पाठकों और साहित्यकारों ने सराहा।
कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कर्नल मनमोहन ठाकुर द्वारा प्रस्तुत आतंकवाद पर विजय के प्रेरक दृष्टांत ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. एस.पी. गर्ग ने किया, जबकि नेहा शर्मा और जयनारायण सिंह ने पुस्तक के प्रकाशन से पूर्व समीक्षकों की टिप्पणियां प्रस्तुत कर पुस्तक की विशेषताओं पर प्रकाश डाला।
