बांसवाड़ा में आवारा कुत्ते का आतंक, महिला का चेहरा बुरी तरह नोचा
Share
होंठ से गाल तक मांस उखड़ा, 40 टांके लगे; एक ही दिन में तीन लोगों पर किया हमला
बांसवाड़ा, 26 जून: बांसवाड़ा जिले के सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र के बडवेल गांव में एक आवारा कुत्ते के हमले ने दहशत फैला दी। गुरुवार शाम घर के बाहर बैठी 50 वर्षीय महिला पर कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया और उसके चेहरे व हाथ को बुरी तरह नोच डाला। हमले में महिला के होंठ से गाल तक का मांस कट गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चेहरे और हाथ पर 40 टांके लगाने पड़े। ग्रामीणों के अनुसार, इसी कुत्ते ने एक ही दिन में दो अन्य लोगों को भी घायल किया है।
जानकारी के अनुसार बडवेल निवासी हीरा (50) पत्नी मकना गुरुवार शाम करीब सात बजे खाना खाने के बाद घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान अचानक एक कुत्ता आया और उन पर टूट पड़ा। महिला जब तक संभल पाती, तब तक कुत्ता चेहरे और हाथ पर कई जगह काट चुका था।
महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को भगाया गया। घायल महिला को पहले सज्जनगढ़ के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
108 एम्बुलेंस के पायलट पंकज कुमार जाटव ने बताया कि इसी कुत्ते ने उसी दिन गांव के दो अन्य लोगों पर भी हमला किया था। लगातार तीन हमलों के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है और लोग बच्चों तथा बुजुर्गों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं।
घायल महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्ते को तत्काल पकड़ने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
