LOADING

Type to search

उदयपुर में फिर शुरू होगी हेरिटेज वॉक, पर्यटन स्थलों पर बढ़ेंगी सुविधाएं

Local

उदयपुर में फिर शुरू होगी हेरिटेज वॉक, पर्यटन स्थलों पर बढ़ेंगी सुविधाएं

Share

मांझी मंदिर में फोटोग्राफी शुल्क और सहस्त्रबाहु मंदिर में प्री-वेडिंग शूट की शिकायतों की होगी जांच
उदयपुर, 29 जून:
आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए झीलों की नगरी उदयपुर में पर्यटकों की सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। सोमवार को जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें ओल्ड सिटी क्षेत्र में हेरिटेज वॉक को दोबारा शुरू करने, प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पार्किंग, शौचालय, संकेतक, सुरक्षा व्यवस्था और गाइड सुविधाओं को बेहतर बनाने पर सहमति बनी।
बैठक में बताया गया कि नगर निगम द्वारा ओल्ड सिटी में हेरिटेज वॉक शुरू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे। इसके शुरू होने से पर्यटकों को शहर की ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
एडीएम जितेंद्र ओझा ने निर्देश दिए कि अगले एक माह में प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आवश्यक संकेतक एवं सूचना पट्ट लगाए जाएं। बैठक में पर्यटकों की सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था, सुलभ शौचालय, ऑटो स्टैंड, ऑटो किराया और ड्राइवरों की यूनिफॉर्म तय करने सहित पर्यटन थाने में पर्याप्त स्टाफ की तैनाती पर भी चर्चा हुई।
बैठक में मांझी मंदिर में फोटोग्राफी के नाम पर शुल्क वसूले जाने तथा नागदा स्थित सहस्त्रबाहु मंदिर में प्री-वेडिंग शूट के दौरान आम पर्यटकों को होने वाली परेशानी और स्मारक को नुकसान पहुंचाने की शिकायतें भी सामने आईं। इस पर एडीएम ने देवस्थान विभाग, पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग और पुलिस अधीक्षक को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
गुलाब बाग यूनेस्को हेरिटेज सूची में हो शामिल, प्रस्ताव पर होगी चर्चा
इसके अलावा बाहुबली हिल्स पर पाथ-वे, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था, सहेलियों की बाड़ी के पास गाइड शेल्टर, नो-व्हीकल जोन, पैदल मार्ग और गुलाबबाग को यूनेस्को हेरिटेज सूची में शामिल कराने के लिए इन्वेंट्री तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, होटल एवं गाइड एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने सुझाव प्रस्तुत किए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *