भारतीय अंडर-19 टीम में चयन पर सांवलिया सेठ को चढ़ाया चांदी का बैट
Share
आस्था : बस्सी निवासी कुशाग्र ओझा श्रीलंका दौरे पर रवाना, परिवार ने 500 ग्राम चांदी का बैट अर्पित कर मांगा आशीर्वाद
उदयपुर, 2 जुलाई: चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी निवासी 19 वर्षीय क्रिकेटर कुशाग्र ओझा के भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। बेटे की इस उपलब्धि पर परिवार ने अपनी मन्नत पूरी करते हुए भगवान सांवलिया सेठ के दरबार में करीब 500 ग्राम वजनी चांदी का बैट अर्पित किया और श्रीलंका दौरे पर उनके शानदार प्रदर्शन की कामना की।
कुशाग्र के पिता ओमप्रकाश ओझा, जो जयपुर में एचडीएफसी बैंक में प्रबंधक हैं, ने बताया कि कुशाग्र 30 जून को भारतीय टीम के साथ श्रीलंका दौरे के लिए रवाना हो चुके हैं। उनका चयन भारतीय अंडर-19 पुरुष क्रिकेट टीम की वनडे और टेस्ट दोनों टीमों में हुआ है। दौरे का पहला मुकाबला 4 जुलाई को खेला जाएगा। परिवार को उम्मीद है कि कुशाग्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।
कुशाग्र ने हाल ही कूच बिहार में किया था शानदार प्रदर्शन

साल 2006 में जयपुर में जन्मे कुशाग्र ने तीसरी कक्षा से ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। उन्होंने जयपुर और बाद में बेंगलुरु में पेशेवर प्रशिक्षण लिया। बाएं हाथ के बल्लेबाज कुशाग्र ने हाल ही में कूच बिहार ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिली।
मां निशा ओझा गृहिणी हैं। परिवार का कहना है कि कुशाग्र का बचपन से ही एक सपना था—भारतीय टीम की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करना। वर्षों की मेहनत और अनुशासन का परिणाम आज उनके चयन के रूप में सामने आया है। अब पूरा परिवार और जिले के क्रिकेट प्रेमी श्रीलंका दौरे पर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद लगाए हुए हैं।
