जयेश बने ‘स्ट्रांग मैन’, मानसी को मिला ‘स्ट्रांग वूमेन’ का खिताब
Share
45वीं जिला सीनियर पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता सम्पन्न, राज्य स्तरीय मुकाबलों के लिए टीम घोषित
उदयपुर, 5 जुलाई: लव-कुश इंडोर स्टेडियम में आयोजित 45वीं उदयपुर जिला सीनियर इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में जयेश कामोया को ‘स्ट्रांग मैन ऑफ उदयपुर’ और महिला वर्ग में मानसी रावत को ‘स्ट्रांग वूमेन ऑफ उदयपुर’ घोषित किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला पावरलिफ्टिंग संघ के तत्वावधान में हुआ, जिसमें विभिन्न भार वर्गों के खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस सचिव दिनेश श्रीमाली रहे, जबकि अध्यक्षता जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष विनोद साहू ने की। प्रतियोगिता के आधार पर उदयपुर की पुरुष एवं महिला सीनियर टीम का चयन किया गया, जो 11 और 12 जुलाई को अजमेर में होने वाली 45वीं राजस्थान राज्य सीनियर इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। आयोजकों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को उत्साहजनक बताते हुए भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
