उदयपुर में 79.63% अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
Share
कनिष्ठ सहायक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न, 119 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम, दो पारियों में 61 हजार से अधिक अभ्यर्थी हुए शामिल
उदयपुर, 5 जुलाई: राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित लिपिक ग्रेड-द्वितीय एवं कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 रविवार को उदयपुर जिले में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने परीक्षा के निष्पक्ष एवं सुचारु संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए, जिसके चलते सभी 119 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा बिना किसी व्यवधान के निर्धारित समय पर सम्पन्न हुई। दोनों पारियों को मिलाकर जिले में 79.63 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई, जो भर्ती परीक्षा को लेकर युवाओं के उत्साह को दर्शाती है।
परीक्षा समन्वयक एवं एडीएम (प्रशासन) दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि पहली पारी में पंजीकृत 38,764 अभ्यर्थियों में से 30,936 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 7,828 अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में 30,799 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 7,965 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की निगरानी की।
