अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता : दुर्गादास उइके
Share
उदयपुर में जनजातीय विकास योजनाओं की समीक्षा, धरती आबा अभियान और पीएम जनमन की प्रगति पर दिए निर्देश
उदयपुर, 11 जुलाई: केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग और परिणामोन्मुख कार्यशैली अपनाने का आह्वान किया।
दो दिवसीय उदयपुर प्रवास पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने टीआरआई सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान, पीएम जनमन सहित विभिन्न जनजातीय कल्याण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं को लेकर चल रहे कार्यों की जानकारी दी गई। इस दौरान राजस्थान में जनजातीय बच्चों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी स्थापना को लेकर टीआरआई और बीएसएनएल के बीच एमओयू भी हुआ। इसके तहत टीआरआई परिसर में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे जनजातीय विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री ने नवादि संदर्भ कौशल कार्यक्रम की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका ‘हम हैं बदलाव’ का विमोचन किया तथा टीआरआई परिसर स्थित बनफूल स्टूडियो का अवलोकन कर जनजातीय कलाकारों से संवाद किया। उन्होंने राष्ट्रीय लैक्रोज टीम में शामिल राजस्थान के खिलाड़ियों से भी मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
