मेवाड़ को मिलेगी वैश्विक उड़ान
Share
सितंबर में तैयार होगा उदयपुर का नया इंटरनेशनल टर्मिनल
उदयपुर, 13 जुलाई: मेवाड़ के लिए बड़ी सौगात बन रहा महाराणा प्रताप एयरपोर्ट का नया अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल सितंबर तक तैयार होने की संभावना है। करीब 350 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस अत्याधुनिक टर्मिनल का सोमवार को चित्तौड़गढ़ सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने निरीक्षण किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही इसका लोकार्पण करेंगे।
करीब 52 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित यह टर्मिनल प्रतिवर्ष 45 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता रखेगा, जो वर्तमान क्षमता से कई गुना अधिक है। भवन के डिजाइन में मेवाड़ की सांस्कृतिक विरासत, महाराणा प्रताप, चित्तौड़गढ़ दुर्ग, एकलिंगजी और झीलों की नगरी उदयपुर की झलक दिखाई देगी।
नए टर्मिनल में अत्याधुनिक चेक-इन काउंटर, एयरोब्रिज, स्वचालित बैगेज सिस्टम, विशाल प्रतीक्षालय, फूड कोर्ट, रिटेल स्टोर, वीआईपी लाउंज, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होगी। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन को ध्यान में रखते हुए सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों को भी शामिल किया गया है।
डॉ. जोशी ने कहा कि नया टर्मिनल शुरू होने के बाद उदयपुर की वैश्विक कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पर्यटन, उद्योग, व्यापार तथा निवेश को नई गति मिलेगी। यह परियोजना मेवाड़ को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और सशक्त पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगी। निरीक्षण के दौरान भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, कृष्ण गोपाल पालीवाल, प्रमोद सामर, पारस सिंघवी, मोहित सनाढय, चंचल कुमार अग्रवाल, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कृष्णकांत कुमावत सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या मे उपस्थित रहे।
