भगवान जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप
Share
प्रशासन की बैठक में सुरक्षा व्यवस्था तय, धार्मिक भजनों के साथ निकलेगी शोभायात्रा
उदयपुर, 14 जुलाई: 16 जुलाई को जगदीश मंदिर से निकलने वाली भगवान जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथयात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा समिति, पुजारी परिषद, रथ समिति तथा विभिन्न समाजों और संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में रथयात्रा के दौरान डीजे पर केवल धार्मिक भजन बजाने, झांकियों का मार्ग रंगनिवास से रखने तथा घंटाघर से जगदीश चौक तक झांकियों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया। वाहनों पर खड़े होकर झंडा लहराने, आतिशबाजी और रंग-अबीर के उपयोग पर भी प्रतिबंध रहेगा।
श्रद्धालुओं से महंगे जेवर, नकदी और कीमती सामान साथ नहीं लाने की अपील की गई। रथयात्रा मार्ग पर जगदीश चौक, घंटाघर, संतोषी माता मंदिर और काला-गोरा जी सहित पांच स्थानों पर फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस तैनात रहेंगी। बैठक में विभिन्न थाना प्रभारियों सहित रथयात्रा समिति और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
