LOADING

Type to search

सातवें राज्य वित्त आयोग की परामर्श बैठक में देंगे सुझाव के. के. गुप्ता

National

सातवें राज्य वित्त आयोग की परामर्श बैठक में देंगे सुझाव के. के. गुप्ता

Share

नगरीय निकायों के वित्तीय सुदृढ़ीकरण, सुशासन और शहरी विकास पर होगा मंथन
जयपुर/उदयपुर/डूंगरपुर, 16 जुलाई:
राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग द्वारा नगर परिषद डूंगरपुर के पूर्व सभापति एवं स्वच्छ भारत मिशन शहर राजस्थान सरकार प्रदेश ब्रांड एम्बेसडर के. के. गुप्ता को सातवें राज्य वित्त आयोग की महत्वपूर्ण हितधारक परामर्श बैठक में आमंत्रित किया गया है। यह बैठक आगामी 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को प्रातः 9:30 बजे जयपुर स्थित निदेशालय स्थानीय निकाय के बैठक कक्ष में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता सातवें राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी करेंगे। आयोग का उद्देश्य नगरीय स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों से सुझाव प्राप्त कर भविष्य की वित्तीय एवं प्रशासनिक नीतियों को अधिक प्रभावी बनाना है।
राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग की ओर से जारी आमंत्रण पत्र में के. के. गुप्ता के अनुभव एवं सुझावों को आयोग की अनुशंसाओं को अधिक व्यवहारिक, जनोन्मुखी एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण बताया गया है। पत्र में कहा गया है कि स्थानीय निकायों के वित्तीय सुदृढ़ीकरण, संसाधन संवर्धन, सुशासन, प्रशासनिक सुधार तथा भविष्य के नगरीय विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों के प्रतिनिधि, विशेषज्ञ एवं संबंधित अधिकारी भाग लेंगे। इसमें नगर निकायों की आय बढ़ाने के उपाय, वित्तीय संसाधनों का बेहतर उपयोग, नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, पारदर्शी प्रशासन तथा शहरी विकास की दीर्घकालिक रणनीति पर चर्चा होगी। प्राप्त सुझावों के आधार पर सातवां राज्य वित्त आयोग अपनी अनुशंसाएं तैयार करेगा, जिन्हें राज्य सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के राजस्थान प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता स्वच्छता के क्षेत्र में अपने नवाचार, जनभागीदारी आधारित कार्यशैली और प्रभावी नेतृत्व के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में राजस्थान का डूंगरपुर नगर निकाय स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर के लिए प्रेरणा का केंद्र बना है। डूंगरपुर को देश का पहला खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) नगर निकाय बनने का गौरव प्राप्त हुआ, जिसने स्वच्छता अभियान में एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया। जिस प्रकार राष्ट्रीय स्तर पर इंदौर नगर निगम स्वच्छता का पर्याय माना जाता है, उसी प्रकार राजस्थान में डूंगरपुर नगर निकाय स्वच्छता के उत्कृष्ट मॉडल के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। वर्तमान में भी के.के. गुप्ता अपने अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ मध्य प्रदेश शासन को प्रदान कर रहे हैं तथा प्रदेश के सभी नगर निकायों में स्वच्छता प्रबंधन, जनजागरूकता, व्यवहार परिवर्तन और सतत स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कार्यशालाओं का संचालन कर रहे हैं। इससे उनके द्वारा विकसित स्वच्छता मॉडल का लाभ अन्य राज्यों को भी प्राप्त हो रहा है। इसके अतिरिक्त, अपने सामाजिक संगठन स्मॉल स्टेप फाउंडेशन के माध्यम से उन्होंने देश के माननीय गृहमंत्री के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में सांसद आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत पांच गांवों को गोद लेकर समग्र विकास एवं स्वच्छता का अनुकरणीय कार्य किया। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप गोद लिए गए गांवों में से तीन गांव राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष पांच स्थानों में स्थान प्राप्त करने में सफल रहे, जो उनकी दूरदर्शी सोच, योजनाबद्ध कार्यप्रणाली और जनसहभागिता आधारित विकास मॉडल की उल्लेखनीय सफलता का प्रमाण है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *