पर्स छीनने के लिए महिला को सड़क पर घसीटा, हाथ टूटा; वारदात के बाद बदमाशों ने मनाया जश्न
Share
सूरजपोल क्षेत्र में बाइक सवार लुटेरों का दुस्साहस, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
उदयपुर, 19 जुलाई: शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूटी सवार महिला से पर्स लूटने के दौरान उसे सड़क पर घसीट दिया। घटना में 50 वर्षीय पुष्पा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका हाथ टूट गया, जबकि आंख, पसलियों और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। वारदात पुराने डिपो स्थित बापू श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार के सामने रात करीब 10:20 बजे हुई।
पुष्पा देवी अपने पति पुष्करलाल शर्मा के साथ पिछोला क्षेत्र से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए हेलमेट पहने दो बदमाशों ने रोड लाइट बंद होने का फायदा उठाते हुए उनके कंधे से पर्स झपट लिया। पर्स छीनते ही महिला सड़क पर गिर गई, लेकिन बदमाश पर्स नहीं छोड़ने के कारण उसे कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात के बाद आरोपी लूटा हुआ पर्स हवा में लहराते हुए फरार हो गए। पर्स में मोबाइल फोन, चांदी की पायजेब, 10 हजार रुपए नकद तथा बेटे का एटीएम कार्ड रखा था। पीड़िता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
