खड़े ट्रक में पीछे से घुसी बाइक, युवक की मौत, महिला गंभीर
Share
उदयपुर, 21 जुलाई: उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर टीडी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक राजेन्द्र (32) निवासी पड़दा ऋषभदेव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना रात करीब 10:30 बजे पडूणा गांव के उपला खेड़ा के पास हुई। सूचना पर पुलिस ने शव को एमबी अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया और घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार, बाइक का अनियंत्रित होना या ट्रक दिखाई नहीं देना हादसे का कारण हो सकता है। मामले की जांच जारी है।
चलती ट्रेन से गिरने से युवक की मौत,रेलवे ट्रैक पर मिला शव
चित्तौड़गढ़, 21 जुलाई: गंगरार थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जांच में उसकी पहचान झाबुआ (मध्यप्रदेश) निवासी राहुल मीणा के रूप में हुई। राहुल सोमवार रात अपनी मां और चचेरे भाई के साथ जयपुर-भोपाल ट्रेन से घर लौट रहा था। रात करीब ढाई बजे वह टॉयलेट गया और वापस नहीं लौटा। आशंका है कि गेट पर खड़े होने के दौरान चलती ट्रेन से गिर गया। परिजनों ने चंदेरिया स्टेशन पर सूचना दी थी, लेकिन रात में उसका पता नहीं चल सका। सुबह शव मिलने के बाद गंगरार पुलिस ने कार्रवाई कर मामला जीआरपी को सौंप दिया।
ग्रेनाइट ट्रेलर ने महिला को कुचला, ग्रामीणों ने लगाया जाम
राजसमंद, 21 जुलाई: आमेट कस्बे में मंगलवार सुबह ग्रेनाइट से भरे ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार महिला नारायणी सालवी (40) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सपराव का गुड़ा क्षेत्र में हुआ, जहां महिला अपने पति भोलीराम के साथ खेत जा रही थी। टक्कर के बाद महिला ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गई, जबकि पति बाल-बाल बच गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आमेट-केलवा मार्ग जाम कर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चालक के नशे में होने का आरोप लगाया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रशासन की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया। मृतका अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी का परिवार छोड़ गई है।
