ठोकर चौराहा अंडरब्रिज पर जलभराव बना मुसीबत, हर बारिश में बढ़ रहा हादसों का खतरा
Share
हल्की बारिश में ही सड़क बन जाती है तालाब, गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे दुपहिया चालक; स्थायी समाधान की मांग
उदयपुर, 22 जुलाई: शहर के सबसे व्यस्त यातायात केंद्रों में शामिल ठोकर चौराहा अंडरब्रिज के पास हर बारिश के साथ जलभराव गंभीर समस्या बनता जा रहा है। ठोकर चौराहे से पुरोहितों की मादड़ी जाने वाले मार्ग पर हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों और दुपहिया वाहन चालकों की परेशानी कई गुना बढ़ जाती है। जलभराव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते और आए दिन वाहन चालक असंतुलित होकर गिर रहे हैं।
स्थानीय निवासी हितेश व्यास ने बताया कि इस मार्ग से रोजाना आवागमन करना पड़ता है, लेकिन बारिश के दिनों में यहां से गुजरना जोखिम भरा हो जाता है। पानी में छिपे गड्ढों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि ठोकर चौराहा शहर का प्रमुख ट्रैफिक जंक्शन है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था नहीं होने और विभिन्न स्थानों पर सड़क खुदी होने से स्थिति और खराब हो गई है। लोगों ने व्यंग्य में इस स्थान को “छोटा फतहसागर” कहना शुरू कर दिया है।
नागरिकों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से तत्काल स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने तथा सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
