आयकर दाताओं ने भी भर दिए तीर्थ यात्रा के आवेदन, देवस्थान विभाग की सख्ती शुरू
Share
वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026: आयकरदाता पाए जाने पर आवेदन होगा निरस्त, गलत जानकारी देकर यात्रा करने वालों से होगी खर्च की वसूली
उदयपुर, 22 जुलाई: वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 में बड़ी संख्या में आयकर दाताओं द्वारा भी आवेदन किए जाने के मामले सामने आने के बाद देवस्थान विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने संदिग्ध आवेदनों की जांच शुरू कर दी है। जांच में आयकरदाता पाए जाने वाले आवेदकों के आवेदन तत्काल निरस्त किए जाएंगे, जबकि गलत जानकारी देकर यात्रा करने वालों से यात्रा पर हुए पूरे खर्च की वसूली के साथ नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा।
देवस्थान विभाग के उपायुक्त जतिन गांधी ने बताया कि विभाग को शिकायतें मिली थीं कि योजना के नियमों के बावजूद कई आयकर दाताओं ने आवेदन कर दिए हैं। इसके बाद सभी संदिग्ध आवेदनों का सत्यापन कराया जा रहा है। योजना के स्पष्ट प्रावधानों के अनुसार आयकरदाता इस योजना के लिए पात्र नहीं हैं, इसलिए ऐसे किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार पात्रता की जांच पहले से अधिक कड़ी की गई है। यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रत्येक चयनित यात्री को अनिवार्य रूप से शपथ-पत्र देना होगा, जिसमें उसे यह घोषित करना होगा कि वह आयकरदाता नहीं है। इसी शपथ-पत्र के आधार पर अंतिम पात्रता तय की जाएगी।
शपथ पत्र में गलत जानकारी दी तो जुर्माना सहित वसूला जाएगा सरकारी खर्चा
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति गलत जानकारी देकर या तथ्य छिपाकर योजना का लाभ लेने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई अपात्र व्यक्ति यात्रा कर भी चुका है तो उससे यात्रा पर हुआ पूरा सरकारी खर्च वसूला जाएगा और आवश्यकतानुसार जुर्माना भी लगाया जाएगा। देवस्थान विभाग का कहना है कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से पात्र वरिष्ठ नागरिकों को राज्य सरकार की ओर से निःशुल्क तीर्थ यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसलिए योजना की पारदर्शिता बनाए रखने और वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने के लिए पात्रता संबंधी नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। विभाग ने सभी आवेदकों से अपील की है कि आवेदन में केवल सही और सत्य जानकारी ही दें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।
