मन्नत पूरी होने पर एमपी के श्रद्धालु ने सांवलिया सेठ को चढ़ाईं 11.4 किलो चांदी की 19 सिल्लियां
Share
25.65 लाख रुपए मूल्य की भेंट अर्पित, बेटे की मनोकामना पूरी होने पर मध्यप्रदेश से परिवार पहुंचा दर्शन करने
चित्तौड़गढ़, 22 जुलाई: आस्था के प्रमुख केंद्र श्री सांवलिया सेठ मंदिर में एक श्रद्धालु ने मन्नत पूरी होने पर 11 किलो 400 ग्राम वजन की 19 चांदी की सिल्लियां भेंट स्वरूप अर्पित कीं। मौजूदा बाजार मूल्य के अनुसार इनकी कीमत करीब 25 लाख 65 हजार रुपए आंकी गई है।
मध्यप्रदेश के देवास जिले के सोहनगंज क्षेत्र से आए श्रद्धालु ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करने का आग्रह किया। उन्होंने मंदिर प्रशासन को बताया कि बेटे से जुड़ी एक मनोकामना लेकर उन्होंने सांवलिया सेठ के दरबार में प्रार्थना की थी। इच्छा पूरी होने पर वह परिवार सहित मंदिर पहुंचे और श्रद्धापूर्वक चांदी की सिल्लियां अर्पित कीं।
मंदिर प्रशासन ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद चांदी की सभी सिल्लियों को मंदिर के सुरक्षित भंडार में जमा करा दिया। राजस्थान सर्राफा संघ के प्रदेश महामंत्री किशन पिछोलिया के अनुसार वर्तमान बाजार भाव के हिसाब से 11.4 किलोग्राम चांदी का मूल्य लगभग 25.65 लाख रुपए है।
श्री सांवलिया सेठ मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा नकद दान के साथ-साथ सोना, चांदी और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं अर्पित करने की परंपरा लगातार बढ़ रही है। हाल ही में खुले मंदिर के भंडार से 38 करोड़ 23 लाख 13 हजार 862 रुपए का नकद एवं ऑनलाइन चढ़ावा प्राप्त हुआ था। इसके अलावा श्रद्धालुओं ने लगभग 4 करोड़ 30 लाख रुपए मूल्य का सोना और चांदी भी भेंट की है। राजस्थान ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश, गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री सांवलिया सेठ के दरबार में मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं और इच्छा पूर्ण होने पर अपनी श्रद्धा एवं सामर्थ्य के अनुसार भेंट अर्पित करते हैं।
