LOADING

Type to search

स्टंटबाजी पर शिकंजा, 20 बाइक जब्त

crime

स्टंटबाजी पर शिकंजा, 20 बाइक जब्त

Share


उदयपुर, 26 जुलाई:
बेकरिया थाना पुलिस ने सड़क पर स्टंटबाजी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 8 पावर बाइक सहित 20 बाइक जब्त कीं। थानाधिकारी रामअवतार मीणा के नेतृत्व में थाने के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान कई चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले, जबकि कुछ वाहनों के दस्तावेज अधूरे पाए गए। पुलिस ने खतरनाक तरीके से स्टंट करने वाले युवकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिए। अचानक हुई कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। थानाधिकारी ने कहा कि सड़क पर स्टंटबाजी, नशे में ड्राइविंग और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

क्लीनिक में गांजा रखने वालों को भेजा जेल
उदयपुर, 26 जुलाई:
सायरा कस्बे में एक क्लीनिक संचालक को झूठे एनडीपीएस केस में फंसाने की साजिश का पुलिस ने खुलासा करते हुए दंपती समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रविवार को सभी पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार व्यावसायिक रंजिश के चलते आरोपियों ने कृष्णा क्लीनिक में 1.230 किलो गांजा रखकर पुलिस को सूचना दी थी। तलाशी के दौरान गांजा मिलने पर क्लीनिक संचालक ने पड़ोसी दुकान के सीसीटीवी फुटेज दिखाए, जिसमें पूरी साजिश कैद मिली। जांच में सामने आया कि सामने मेडिकल चलाने वाले प्रतिद्वंद्वी ने अपने साथियों के साथ मिलकर यह षड्यंत्र रचा था।

4.5 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार
राजसमंद, 26 जुलाई:
नाथद्वारा पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत कार्रवाई करते हुए 4.500 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की बाजार कीमत करीब 22.5 लाख रुपए आंकी गई है। एसपी हेमंत कलाल के निर्देशन में गठित टीम को सूचना मिली थी कि गुंजोल बस स्टैंड पर संदिग्ध युवक बैग लेकर खड़ा है। पुलिस पहुंची तो आरोपी हरीश गोदारा निवासी जैसलमेर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। बैग की तलाशी में कपड़ों के बीच छिपाकर रखे तीन पैकेटों से अफीम बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।

युवक पर सुनसान में बुला किया हमला
उदयपुर, 26 जुलाई:
सेवाश्रम क्षेत्र में एक युवक पर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित की मां मेहरू निशा ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया कि चार युवक उनके बेटे फरदीन खान को बहाने से सुनसान जगह ले गए। वहां उसका नाम पूछने के बाद मारपीट की गई और सिर पर पत्थर से हमला किया गया। गंभीर घायल फरदीन किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर जान बचाने में सफल रहा। पीड़ित की मां ने बताया कि पति और एक अन्य बेटे के निधन के बाद फरदीन ही उनका एकमात्र सहारा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और आरोपियों की पहचान की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *