पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प
Share
होटल एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, पर्यटकों की सुरक्षा, बेहतर माहौल और होटल व्यवसायियों के हितों पर रहेगा फोकस; जलसांझी विरासत के संरक्षण का भी आह्वान
उदयपुर, 29 जुलाई: होटल एसोसिएशन, उदयपुर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने मंगलवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने, पर्यटकों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने तथा होटल व्यवसायियों के हितों की रक्षा का संकल्प लिया। बलीचा स्थित रामी रॉयल में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि होटल उद्योग केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि उदयपुर की संस्कृति, परंपरा और आतिथ्य का परिचायक है। उन्होंने सरकार और प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित कर होटल व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
मुख्य अतिथि डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कहा कि उदयपुर आज विश्व पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने शहर की विशिष्ट जलसांझी कला को संरक्षित करने के लिए होटल व्यवसायियों से आगे आने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि एवं उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन और होटल उद्योग को हरसंभव सहयोग देगी तथा पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन से समन्वय किया जाएगा।
उदयपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पारस सिंघवी ने कहा कि पर्यटकों के साथ बेहतर व्यवहार पर्यटन विकास की कुंजी है। उन्होंने पर्यटकों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने पर चिंता जताते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन को इस दिशा में संवेदनशीलता बरतनी चाहिए।
समारोह में वरिष्ठ कांग्रेस नेता लालसिंह झाला ने भी पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस अवसर पर एसोसिएशन के 22 नए सदस्यों को सदस्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शपथ ग्रहण की। समारोह में पर्यटन विभाग, प्रशासन और होटल उद्योग से जुड़े अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
