2036 ओलंपिक लक्ष्य की ओर बढ़ा भारत, खेलो भारत नीति-2025 से तैयार होंगे विश्वस्तरीय खिलाड़ी
Share
राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया के सवाल पर केंद्र का जवाब, खेल प्रतिभाओं के वैज्ञानिक प्रशिक्षण पर जोर
उदयपुर, 30 जुलाई: वर्ष 2036 ओलंपिक की तैयारियों को गति देने के लिए केंद्र सरकार खेलो भारत नीति-2025 के प्रभावी क्रियान्वयन पर तेजी से काम कर रही है। राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया के प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बताया कि सरकार जमीनी स्तर से एलीट खिलाड़ियों तक मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित कर रही है, जिससे भारत की ओलंपिक मेजबानी की आकांक्षा भी सशक्त होगी।
मंत्री ने बताया कि नीति केंद्र, राज्यों, राष्ट्रीय खेल महासंघों, शैक्षणिक संस्थानों और निजी क्षेत्र के समन्वय से लागू की जा रही है। इसका उद्देश्य खेल प्रतिभाओं की पहचान, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, आधुनिक स्पोर्ट्स साइंस, खेल चिकित्सा और उच्चस्तरीय कोचिंग के जरिए विश्वस्तरीय खिलाड़ी तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (TOPS) और राष्ट्रीय खेल महासंघों की सहायता जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को निरंतर समर्थन दिया जा रहा है। कई राज्यों ने अपनी खेल नीतियों को भी खेलो भारत नीति-2025 के अनुरूप संशोधित किया है। सांसद गरासिया ने कहा कि यह नीति भारत में खेल संस्कृति को नई दिशा देने के साथ युवाओं को वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगी।

