अमेरिकी दखल बर्दाश्त नहीं, किसानों के हितों से नहीं होगा समझौता
Share
भारतीय किसान संघ की प्रांतीय बैठक में व्यापार समझौतों, जीएम फसलों और कृषि नीति पर मंथन
उदयपुर, 31 जुलाई: भारतीय किसान संघ की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक शुक्रवार को राजस्थान कृषि महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। बैठक में चित्तौड़ प्रांत के 16 जिलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। राष्ट्रीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौतों पर चिंता जताते हुए कहा कि भारतीय कृषि, पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में किसी भी प्रकार का विदेशी हस्तक्षेप स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका जीएम फसलों को भारतीय बाजार में लाने का प्रयास कर रहा है, जबकि भारत की पहचान पारंपरिक कृषि व्यवस्था से है। उन्होंने किसानों को लागत के अनुरूप लाभकारी मूल्य देने, जैविक खेती को प्रोत्साहन, कृषि मंडियों में पारदर्शी व्यवस्था और गौ आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की मांग की। बैठक में संगठन विस्तार, फसल बीमा, किसान हितों और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में 16 हजार गांवों में नई समितियां गठित की जाएंगी।

