पालोदा में जीबीएच का निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 640 मरीजों को मिला परामर्श
Share
उदयपुर, 1 अगस्त: जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल की ओर से शनिवार को बांसवाड़ा जिले के पालोदा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में निःशुल्क बहुविशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 640 मरीजों की जांच कर स्वास्थ्य परामर्श दिया तथा आवश्यक उपचार संबंधी सलाह प्रदान की।
शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं चिकित्सकों के सम्मान के साथ हुआ। जीबीएच से पहुंचे न्यूरो एवं स्पाइन सर्जन डॉ. नमन तनेजा, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकजवीर सिंह, यूरोलॉजिस्ट डॉ. वरुण लड्डा, जनरल एवं रोबोटिक सर्जन डॉ. सौरव आनंद, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अलंकृता बंसल, फिजिशियन डॉ. दीपक गर्ग, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव गर्ग, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अमन जैन तथा डॉ. मिताली भाटिजा ने सेवाएं दीं। शिविर में मरीजों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी और ऑक्सीजन लेवल की निःशुल्क जांच भी की गई।
शिविर के सफल आयोजन में ठा. दिलवर सिंह, कांतिलाल शर्मा, पूर्व जिला प्रमुख देवेंद्र त्रिवेदी, पूर्व सरपंच शंकरलाल खराड़ी, राजेंद्र कुमार पंचाल, प्राचार्य हितेश सुथार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों ने सहयोग किया। अंत में जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल के सीओओ गर्वित भारती ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए स्मृति चिह्न भेंट किए।

