जमीनी विवाद में बड़े ने की छोटे भाई की हत्या
Share
डूंगरपुर के फलोज गांव की घटना, सरिए से हमला कर आरोपी फरार
डूंगरपुर, 3 अगस्त: डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के फलोज गांव में सोमवार दोपहर जमीनी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बड़े भाई ने लोहे के सरिए से हमला कर अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
पुलिस के अनुसार फलोज निवासी गोपाल पाटीदार (48) अपनी दुकान पर बैठा था। दोपहर करीब एक बजे बड़े भाई रतनलाल पाटीदार की पत्नी राधा वहां पहुंची और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगी। कुछ ही देर बाद रतनलाल भी मौके पर आ गया और दोनों भाइयों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
विवाद के दौरान रतनलाल ने लोहे के सरिए से गोपाल के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से गोपाल मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। बताया गया कि गोपाल पत्नी से तलाक के बाद अकेले रह रहा था।
सूचना मिलने पर दोवड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपी रतनलाल की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

