LOADING

Type to search

ब्रिक्स सम्मेलन के लिए लेकसिटी पहुंचे प्रतिनिधि, आज होगी उच्चस्तरीय बैठक

International

ब्रिक्स सम्मेलन के लिए लेकसिटी पहुंचे प्रतिनिधि, आज होगी उच्चस्तरीय बैठक

Share

सम्मेलन के बाद विदेशी मेहमान करेंगे सिटी पैलेस, जगमंदिर और सज्जनगढ़ का भ्रमण
उदयपुर, 7 अगस्त:
ब्रिक्स (BRICS) देशों के प्रतिस्पर्धा प्राधिकरणों के प्रमुखों का दो दिवसीय उच्चस्तरीय सम्मेलन उदयपुर के ताज फतेह प्रकाश पैलेस में शनिवार से शुरू होगा। सम्मेलन में भाग लेने के लिए विदेशी और भारतीय प्रतिनिधियों का लेकसिटी पहुंचना शुरू हो गया है। इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका और रूस सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों का महाराणा प्रताप एयरपोर्ट पर राजस्थानी परंपरा के अनुसार तिलक, माला, ढोल-नगाड़ों और लोकनृत्य के साथ स्वागत किया गया।
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) की मेजबानी में आयोजित इस सम्मेलन में ब्रिक्स और साझेदार देशों के करीब 15 वरिष्ठ अधिकारी, विशेषज्ञ और राजनयिक भाग ले रहे हैं। बैठक में प्रतिस्पर्धा नीति, व्यापार सहयोग, डिजिटल अर्थव्यवस्था, नवाचार, स्टार्टअप, कौशल विकास, शोध तथा ग्लोबल साउथ से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।
मुख्य सम्मेलन के बाद 9 अगस्त को प्रतिनिधिमंडल के लिए विशेष भ्रमण कार्यक्रम रखा गया है। अतिथि सिटी पैलेस, जगमंदिर, सज्जनगढ़ (मानसून पैलेस) और फतहसागर झील का भ्रमण करेंगे, जिससे उन्हें मेवाड़ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत से रूबरू कराया जाएगा।
भारत इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। उदयपुर इससे पहले वर्ष 2016 में ब्रिक्स देशों के आपदा प्रबंधन मंत्रियों की बैठक और वर्ष 2023 में जी-20 की शेरपा बैठक की सफल मेजबानी कर चुका है।
उदयपुर सिटीजन सोसायटी ने उठाई स्थायी ‘ब्रिक्स सेंटर’ की मांग
उदयपुर सिटीजन सोसायटी ने कहा है कि लगातार दूसरी बार ब्रिक्स से जुड़े आयोजन और इससे पहले जी-20 की मेजबानी यह साबित करती है कि उदयपुर अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक आयोजनों के लिए एक भरोसेमंद शहर बन चुका है। सोसायटी के अध्यक्ष क्षितिज कुम्भट ने कहा कि अब इस पहचान को स्थायी स्वरूप देने के लिए उदयपुर में ‘ब्रिक्स सेंटर’ स्थापित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधारभूत सुविधाओं का भी विकास होना चाहिए। हवाई संपर्क का विस्तार, रेल सेवाओं का आधुनिकीकरण, मजबूत सार्वजनिक परिवहन, ट्रैफिक और पार्किंग समस्याओं का समाधान तथा भविष्य के हाई स्पीड रेल या बुलेट ट्रेन नेटवर्क से उदयपुर को जोड़ना समय की आवश्यकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *