घुटनों के इलाज के नाम पर 17.30 लाख की ठगी
Share
कैंसर और पैर काटने का डर दिखाया, केमिकल लगाकर 210 बार ‘पस’ निकालने का दावा; पुलिस ने 7.25 लाख लौटाए
राजसमंद, 8 अगस्त: राजसमंद में घुटनों का घर पर इलाज करने के नाम पर रिटायर्ड प्रिंसिपल से 17.30 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। तीन लोगों की गैंग ने पहले भरोसा जीता, फिर एक व्यक्ति को डॉक्टर बनाकर घर भेजा। कथित डॉक्टर ने घुटनों की हालत गंभीर बताते हुए कैंसर होने और दोनों पैर काटने पड़ने का डर दिखाया। इसके बाद घुटने पर चीरा लगाकर केमिकल लगाने और पीतलनुमा उपकरण से ‘पस’ निकालने का दावा किया। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों को सीज कर 7 लाख 25 हजार 499 रुपए पीड़ित परिवार को वापस दिलाए हैं। आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
पहले युवक ने बनाया भरोसा
पीड़ित के बेटे के अनुसार, जनवरी 2025 में उदयपुर के चेतक सर्किल पर नितिन अग्रवाल नामक व्यक्ति मिला। उसने अपनी मां को भी घुटनों की बीमारी होने और दिल्ली के डॉक्टर से ठीक होने की बात कही। भरोसा दिलाने के लिए उसने कथित मां से भी पीड़ित की बात कराई और फिर डॉक्टर आर. जरीवाला से संपर्क करवाया।
कैंसर और पैर काटने का डर
5 फरवरी 2025 को कथित डॉक्टर टैक्सी से घर पहुंचा। उसने घुटनों की हालत गंभीर बताते हुए कहा कि मवाद नहीं निकाला तो कैंसर हो सकता है और दोनों पैर काटने पड़ सकते हैं। इसके बाद घुटने पर चीरा लगाकर केमिकल लगाने और उपकरण से ‘पस’ निकालने का दावा किया गया।
210 बार इलाज के नाम पर रकम
कथित डॉक्टर ने 210 बार इसी प्रक्रिया के लिए 10.50 लाख रुपए और दवा, जांच व उपकरणों के नाम पर 6.80 लाख रुपए मांगे। परिवार ने 2.30 लाख रुपए नकद दिए और 15 लाख के दो चेक सौंपे। बाद में डॉक्टर ने दवा देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद परिवार को ठगी का पता चला।

