मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित नहीं करने पर भड़की कांग्रेस
Share
विश्व आदिवासी दिवस पर उदयपुर में कार्यक्रम; कांग्रेस नेताओं ने आंदोलन की चेतावनी दी
उदयपुर, 8 अगस्त: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को रेजिडेंसी स्कूल, मधुबन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पूर्व सांसद एवं उदयपुर देहात कांग्रेस अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने बताया कि कार्यक्रम में आदिवासी लोक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम होंगे। उन्होंने आश्चर्य जताया कि भाजपा के आदिवासी सांसदों ने इस बात को लेकर नाराजगी नहीं जताई। अब कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर तब तक आंदोलन चलाएगी, जब तक मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित नहीं कर दिया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने 9 अगस्त 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन यानी अगस्त क्रांति के महत्व को भी रेखांकित किया। उदयपुर से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी रहे ताराचंद मीणा ने अगस्त क्रांति के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए युवाओं से स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों को समझने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा सहित नेताओं ने मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने की मांग दोहराई। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस मांग पर उचित कदम नहीं उठा रही है और आदिवासी समाज को इस मुद्दे पर गुमराह किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मानगढ़ धाम आदिवासी समाज के इतिहास और बलिदान से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने का निर्णय नहीं लिया तो आदिवासी समाज लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से देशव्यापी आंदोलन करेगा।

