LOADING

Type to search

अरावली मुद्दे पर आज उदयपुर में सुनवाई, बारिश के लिए भीण्डर पदयात्रा पर निकले, पीएम मोदी की बहन और बहनोई ने किए द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन, कामिका एकादशी पर गूंजा ‘जय महाकाल, विहिप पदाधिकारियों के नए दायित्वों की घोषणा

Rajasthan

अरावली मुद्दे पर आज उदयपुर में सुनवाई, बारिश के लिए भीण्डर पदयात्रा पर निकले, पीएम मोदी की बहन और बहनोई ने किए द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन, कामिका एकादशी पर गूंजा ‘जय महाकाल, विहिप पदाधिकारियों के नए दायित्वों की घोषणा

Share

अरावली मुद्दे पर आज उदयपुर में सुनवाई
उदयपुर:
अरावली पर्वतमाला की नई परिभाषा को लेकर चल रहे विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई लेवल कमेटी सोमवार को उदयपुर पहुंचेगी। कमेटी सुबह 10 बजे जिला परिषद सभागार में आमजन और विभिन्न हितधारकों का पक्ष सुनेगी। बैठक में अरावली पर्वतमाला से जुड़े पर्यावरणीय, पारिस्थितिक और खनन संबंधी विषयों पर सुझाव लिए जाएंगे। आम नागरिक, जनप्रतिनिधि, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, उद्योग-व्यापार संगठन, खनिज पट्टाधारक, पर्यावरणविद, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और एनजीओ अपने सुझाव दे सकेंगे। गौरतलब है कि करीब आठ माह पहले 100 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली पहाड़ियों को ही अरावली मानने के प्रस्ताव का उदयपुर में विरोध हुआ था। अब समिति के समक्ष सीधे पक्ष रखने का अवसर मिलेगा।

स्कॉर्पियो से महिला को कुचलने से पहले दूसरे गुट ने किया था हमला
उदयपुर:
कपिल विहार में स्कॉर्पियो से कुचलकर महिला की मौत के मामले में अब घटनाक्रम से जुड़े नए वीडियो सामने आए हैं। इनमें कथित तौर पर महिला के बेटे से जुड़े विवाद के चलते दूसरे गुट के घर और ऑफिस में तोड़फोड़ और पथराव होता दिखाई दे रहा है। शुक्रवार शाम सवीना कृषि मंडी स्थित कार रेंटल ऑफिस और बेड़वास में एक घर पर हमला किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद बदले की कार्रवाई में 7 अगस्त की शाम करीब 20-25 बदमाश स्कॉर्पियो और दो थार से कपिल विहार पहुंचे थे। इस दौरान तोड़फोड़ रोकने बाहर आई 52 वर्षीय उर्मिला कंवर को स्कॉर्पियो से कुचल दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

बारिश के लिए भीण्डर पदयात्रा पर निकले
उदयपुर:
उदयपुर जिले में सामान्य से करीब 36 प्रतिशत कम बारिश के बीच किसानों की चिंता बढ़ गई है। अच्छी बारिश की कामना को लेकर पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर रविवार शाम पदयात्रा निकालेंगे। पदयात्रा शाम 6 बजे भीण्डर राजमहल से शुरू होकर प्रसिद्ध वनखण्डेश्वरी माताजी मंदिर पहुंचेगी। इसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से सैकड़ों लोगों के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर क्षेत्र में अच्छी बारिश, खुशहाली और किसानों की फसलों के लिए पर्याप्त पानी की कामना करेंगे। वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में मानसून का एक माह बीतने के बाद भी अपेक्षित बारिश नहीं होने से किसान चिंतित हैं। खेतों में फसलों की स्थिति को लेकर भी चिंता बढ़ रही है। आज जिले में बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

पीएम मोदी की बहन और बहनोई ने किए द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन


राजसमंद:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बहन बसंता बेन और बहनोई हंसमुख भाई रविवार को निजी यात्रा पर राजसमंद पहुंचे। दोनों ने कांकरोली स्थित प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर में ग्वाल झांकी के दर्शन कर भगवान का आशीर्वाद लिया। मंदिर पहुंचने पर परंपरा के अनुसार उनका स्वागत किया गया। समाजसेवी प्रेम देवी हाड़ा, रमेश चंद्र, देवीलाल तेली और श्यामलाल साहू ने भी उनका स्वागत किया। दर्शन के बाद उन्होंने कुछ देर विश्राम किया। इस दौरान तृतीय पीठ प्रन्यास के विशेष अधिकारी जयेशभाई शाह और मुकेश भाई मेहता ने उन्हें मंदिर मंडल विकास योजना के तहत चल रहे कार्यों की जानकारी दी। बसंता बेन और हंसमुख भाई गुजरात के विसनगर से राजसमंद पहुंचे थे। इसके बाद दोनों उदयपुर के लिए रवाना हो गए।

कैफे में गिटार-डीजे पर गूंजी हनुमान चालीसा
बांसवाड़ा:
बांसवाड़ा के डेजर्ट रश कैफे में आयोजित ‘युवा संवाद : हनुमान चालीसा फ्यूजन’ कार्यक्रम में आधुनिक माहौल के बीच धार्मिक और राष्ट्रवादी संदेश दिया गया। लाइव गिटार, ढोलक और डीजे की धुनों के साथ हनुमान चालीसा का पाठ हुआ, जिसमें सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह मंत्री सुंदर कटारिया ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विदेशी ताकतें युवाओं को भटकाने का प्रयास कर रही हैं और युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जहां युवा जाएंगे, वहां संगठन अपनी संस्कृति का संदेश लेकर पहुंचेगा। आयोजकों मनोज पहलवान और प्रतीक वाल्मीकि ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पुलिस और प्रतिभागियों का आभार जताया।

कामिका एकादशी पर गूंजा ‘जय महाकाल

उदयपुर: सावन मास की कामिका एकादशी पर वात्सल्य सेवा समिति मेवाड़ की ओर से महाकाल की आरती और गौसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने ‘जय महाकाल’ के जयघोष लगाए। इसके बाद समिति सदस्य गौशाला पहुंचे और गौमाता को हरा चारा व गुड़ खिलाया। समिति के सह महामंत्री गोपाल कनेरिया ने कहा कि एकादशी केवल उपवास नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा पर संयम का पर्व है। अध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल ने पंचगव्य और गौसेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में 26 जुलाई से 9 अगस्त के बीच जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ वाले सदस्यों का सम्मान किया गया। अंत में विश्व शांति और सर्वकल्याण की प्रार्थना की गई।

विहिप पदाधिकारियों के नए दायित्वों की घोषणा


उदयपुर:
विश्व हिंदू परिषद उदयपुर महानगर की जिला बैठक विद्या निकेतन, सेक्टर-4 में आयोजित हुई। बैठक में महानगर और विभिन्न प्रखंडों के दायित्ववान कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। इस दौरान उदयपुर महानगर और विभिन्न प्रखंडों के नवीन दायित्वों की घोषणा भी हुई। कार्यकर्ताओं को संगठन के कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का मार्गदर्शन दिया गया। बैठक में डॉ. अशोक सिंघल स्मृति वर्ष के तहत कार्यक्रम आयोजित करने तथा संत रविदास जयंती पर विभिन्न आयोजन करने पर भी मंथन हुआ। विहिप चित्तौड़ प्रांत मंत्री कौशल गोड़ ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। सक्रिय कार्यकर्ताओं के सम्मान और आगामी गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *