18 देशों के 32 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पहुंचे उदयपुर
Share
महलों, झीलों और मेवाड़ की संस्कृति को करीब से जानेंगे विदेशी कंटेंट क्रिएटर्स; 15 अगस्त को जयपुर में होंगे शामिल
उदयपुर, 9 अगस्त: राजस्थान की पर्यटन विरासत और सांस्कृतिक पहचान को दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से 18 देशों के 32 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स रविवार को उदयपुर पहुंचे। विदेश मंत्रालय के विशेष कार्यक्रम के तहत आए विदेशी मेहमान अगले कुछ दिनों में उदयपुर की झीलों, ऐतिहासिक महलों, मंदिरों और लोक संस्कृति का अनुभव करेंगे। उनके सोशल मीडिया कंटेंट के जरिए राजस्थान पर्यटन को विशेष रूप से मध्य और दक्षिण अमेरिकी देशों में डिजिटल पहचान मिलने की उम्मीद है।
पिछोला में बोटिंग, बाहुबली हिल्स पर ट्रैकिंग
पर्यटन विभाग की उपनिदेशक शिखा सक्सेना, सहायक निदेशक जितेंद्र माली सहित अधिकारियों ने डबोक एयरपोर्ट पर विदेशी मेहमानों का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया। 10 अगस्त को दल पिछोला झील में बोट राइड और बाहुबली हिल्स पर ट्रैकिंग करेगा। इसके बाद करणी माता मंदिर में रोपवे राइड, बागोर की हवेली, सहेलियों की बाड़ी और विंटेज कार म्यूजियम का भ्रमण प्रस्तावित है।
मेवाड़ की कला और बाजारों से होंगे रूबरू
विदेशी क्रिएटर्स उदयपुर के स्थानीय बाजारों में कठपुतली कला, बंधेज, हस्तशिल्प और सिल्वर ज्वेलरी को भी देखेंगे। पर्यटन विभाग ने प्रमुख स्थलों पर अंग्रेजी भाषी गाइड की व्यवस्था की है।
चित्तौड़गढ़ से जयपुर तक पर्यटन अनुभव
12 अगस्त को दल चित्तौड़गढ़ दुर्ग का भ्रमण करेगा, जबकि 13 अगस्त को जयपुर पहुंचकर हवामहल, सिटी पैलेस और जंतर-मंतर देखेगा। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के बाद 16 अगस्त को स्वदेश लौटेगा।
इन देशों से आए क्रिएटर्स
दल में जमैका और सूरीनाम के 3-3, जबकि बारबाडोस, बेलिज, कोस्टा रिका, क्यूबा, डोमिनिका, डोमिनिकन रिपब्लिक, मैक्सिको, निकारागुआ, पनामा, पेरू और त्रिनिदाद एंड टोबैगो के 2-2 क्रिएटर्स शामिल हैं। बोलीविया, सेंट लूसिया और सेंट विंसेंट से 1-1 सदस्य आए हैं।
रील्स और ब्लॉग से दुनिया तक पहुंचेगा मेवाड़
ये क्रिएटर्स राजस्थान के महलों, झीलों, लोककला, खान-पान और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े वीडियो, रील्स, ब्लॉग और तस्वीरें अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करेंगे। इससे उदयपुर और राजस्थान को विदेशी पर्यटकों के बीच नए डिजिटल प्रचार का लाभ मिलने की उम्मीद है।

