IIM के सोलर प्लांट से 5 हजार मीटर केबल चोरी
Share
1400 कनेक्टर भी ले गए बदमाश, 500 किलोवाट का प्लांट ठप; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
उदयपुर, 10 अगस्त: गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र स्थित आईआईएम उदयपुर के बलीचा परिसर में 500 किलोवाट क्षमता वाले सोलर प्लांट से चोर करीब 5 हजार मीटर केबल और 1400 कनेक्टर सहित अन्य उपकरण चुरा ले गए। चोरी के दौरान सोलर पैनल और उपकरणों को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे पूरा प्लांट ठप हो गया और बिजली उत्पादन बंद है। प्लांट एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम लिमिटेड (NVVN) ने स्थापित किया था।
SI अर्जुन लाल सालवी के नेतृत्व में पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और इवेंट लॉग के आधार पर जांच कर रही है। शिकायतकर्ता सौरभ चौधरी ने एनटीपीसी और आईआईएम के बीच हुए करार के दस्तावेज भी पुलिस को दिए हैं। इतनी सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं।
इंवर्टर ट्रिप होने से उत्पादन बंद
प्लांट के प्रतिनिधि गणेश गुरुस्वामी के अनुसार 25-26 जुलाई की रात बदमाशों ने परिसर में घुसकर करीब 5000 मीटर डीसी केबल, 1400 एमसी-4 कनेक्टर, अर्थिंग और लैन केबल काटकर चोरी की। उपकरणों में तोड़फोड़ से इंवर्टर ट्रिप हो गए। इसका इवेंट लॉग पुलिस को सौंपा गया है।

