गुजरात की यह सांसद चाहती है अहमदाबाद से उदयपुर—जयपुर होकर नई दिल्ली तक चले वंदे भारत ट्रेन
Share
साबरकांठा सांसद शोभनाबेन बरैया ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात, नई ट्रेन सहित गुजरात-राजस्थान रेल कनेक्टिविटी से जुड़े कई प्रस्ताव रखे
उदयपुर, 10 अगस्त: अहमदाबाद से उदयपुर और जयपुर होते हुए नई दिल्ली तक नई वंदे भारत या स्लीपर सुपरफास्ट ट्रेन शुरू होने की उम्मीद बढ़ी है। साबरकांठा सांसद शोभनाबेन महेंद्र सिंह बरैया ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इस महत्वपूर्ण रेल सेवा की मांग प्रमुखता से रखी है। सांसद की इस पहल से गुजरात, राजस्थान और दिल्ली के बीच तेज रेल कनेक्टिविटी की संभावनाओं को बल मिला है।
सांसद ने रेल मंत्री के समक्ष असारवा (अहमदाबाद) से हिम्मतनगर–शामलाजी–उदयपुर–जयपुर होते हुए नई दिल्ली तक नई वंदे भारत अथवा स्लीपर सुपरफास्ट ट्रेन शुरू करने का प्रस्ताव रखा। यह ट्रेन शुरू होने पर उदयपुर और जयपुर सहित इस रेलखंड से जुड़े यात्रियों को दिल्ली और गुजरात के बीच तेज एवं सुविधाजनक रेल संपर्क मिल सकेगा।
असारवा-उदयपुर वंदे भारत के समय में बदलाव की मांग
सांसद बरैया ने वर्तमान असारवा-उदयपुर वंदे भारत का प्रस्थान समय सुबह 6 से 7 बजे के बीच करने का अनुरोध भी रेल मंत्री से किया। इसके साथ ही गुजरात मेल को खेड़ब्रह्मा तक विस्तारित करने की मांग रखी गई। यदि प्रस्ताव को रेलवे की मंजूरी मिलती है तो गुजरात, राजस्थान और दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलने के साथ उदयपुर को भी एक महत्वपूर्ण नई रेल सुविधा मिल सकती है।

